
सूरजपुर, 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। सूरजपुर जिले में बच्चों की भाषा‑संबंधी बुनियादी दक्षताओं को सुदृढ़ करने हेतु चलाए जा रहे शब्दबीज कार्यक्रम की प्रगति की कलेक्टर रेना जमील ने बुधवार को समीक्षा की। जिला एवं विकासखंड नोडलों की बैठक में उन्होंने कम समय में हासिल किए गए परिणामों को सन्तोषजनक बताया और इस कार्य में सक्रिय भागीदारी करने वाले शिक्षकों व नोडलों के प्रयासों को सराहा।
बैठक की शुरुआत जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा मनोज कुमार साहू ने कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति, अब तक की प्रगति और स्कूल‑स्तर पर चल रही गतिविधियों का विवरण देते हुए की। कलेक्टर ने कहा कि शब्दबीज केवल शब्द‑अभ्यास तक सीमित नहीं, इसका लक्ष्य बच्चों की शब्द‑संपदा के साथ‑साथ सुनने, बोलने, पढ़ने और लिखने की क्षमताओं का सर्वांगीण विकास है। इसके लिये प्रत्येक विद्यालय में कार्यक्रम का निरन्तर व प्रभावी संचालन अनिवार्य है।
कलेक्टर रेना जमील ने कार्यान्वयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों एवं सुधार के संभावित उपायों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था प्रमुखों व शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के बिना निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं हो सकते। जहाँ किसी विद्यालय में लापरवाही या उदासीनता देखी जाएगी, वहाँ पहले संस्था प्रमुख व शिक्षकों को समझाइश दी जाएगी, सुधार का अवसर प्रदान किया जाएगा। यदि फिर भी स्थिति में परिवर्तन नहीं आया तो नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने जिला व विकासखंड नोडलों को स्कूलों में कार्यक्रम की नियमित निगरानी करने और आवश्यकतानुसार शिक्षकों को मार्गदर्शन व सहयोग देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को शब्दबीज की गतिविधियों को अपनी नियमित शैक्षणिक जिम्मेदारी के हिस्से के रूप में ले कर बच्चों को लगातार अभ्यास कराना चाहिए।
बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्य थे: जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, डिप्टी कलेक्टर यशवंत देवांगन, जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू, जिला नोडल गौतम कुमार शर्मा, सहायक जिला नोडल विजय बरगाह, टेसु सुमन एवं बुधराम साहू, साथ ही विकासखंड नोडल रामानुजनगर से राधेश्याम साहू, प्रेमनगर से पुष्पराज पाण्डेय, ओड़गी से दिनेश कुमार पाण्डेय, भैयाथान से जुगेन्द्र सोनी और प्रतापपुर से शैलेश जायसवाल।
