Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

अवैध भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा: 66 क्विंटल धान जब्त

धमतरी, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कुरूद विकासखंड के ग्राम छाती और देमार में कार्रवाई करते हुए तीन अलग‑अलग प्रकरणों में कुल 164 कट्टा यानी लगभग 66 क्विंटल धान जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छाती में जांच के दौरान व्यापारी केशव यदु की दुकान से 55 बोरी (लगभग 21 क्विंटल) धान अवैध रूप से भंडारित मिला। वहीं उसी गांव में दुष्यंत कुमार मेषपाल की दुकान से भी 15 क्विंटल अवैध धान बरामद किया गया। इसके अलावा ग्राम देमार में भखारा-धमतरी मार्ग पर बिना वैध दस्तावेज के परिवहन करते हुए 75 कट्टा (लगभग 30 क्विंटल) धान पकड़ा गया। जब्त धान को नियमानुसार मंडी निरीक्षक धमतरी के सुपुर्द किया गया है। तीनों मामलों में मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।

उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, क्रय‑विक्रय और दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की आशंका को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा खरीद केंद्रों, सीमावर्ती क्षेत्रों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और परिवहन मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीद व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही किसानों और व्यापारियों से अपील की गई है कि धान के क्रय‑विक्रय, भंडारण एवं परिवहन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें और आवश्यक दस्तावेज अपने पास रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *