
नई दिल्ली, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज कर्तव्य भवन में विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) जागरूकता सप्ताह 2026 के राष्ट्रीय कार्यक्रम का आरम्भ किया। 18 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के बढ़ते खतरे के प्रति जन-जन को जागरूक करना और इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने वर्चुअल रूप में संबोधन करते हुए कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस आज सार्वजनिक स्वास्थ्य के सामने सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक है। दवाओं के गलत और ज़रूरत से अधिक इस्तेमाल से जीवन‑बचाने वाली दवाओं का असर धीरे‑धीरे घट रहा है, और यदि समय रहते इसका नियंत्रण नहीं किया गया तो सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन हो सकता है।
सचिव ने इस वर्ष के कार्यक्रम की थीम “वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ” का उल्लेख करते हुए बताया कि एएमआर से निपटने के लिये मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य, पौधों, खाद्य प्रणालियों और पर्यावरण को एक साथ ध्यान में रखना आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन हेल्थ विजन की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि दवाओं के अनुचित इस्तेमाल से प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है और यह समस्या तेजी से फैल सकती है।
उन्होंने केंद्र सरकार की एएमआर पर नियंत्रण की प्राथमिकता पर प्रकाश डाला। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नवंबर 2025 में राष्ट्रीय एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस कार्ययोजना 2.0 (2025‑2029) की शुरुआत की थी, जिसमें निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करना, संक्रमण रोकथाम, दवाओं का जिम्मेदार इस्तेमाल, शोध और क्षेत्रीय समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के समन्वय से चल रहे राष्ट्रीय एएमआर नियंत्रण कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की गई। प्रयोगशालाओं की क्षमता बढ़ाने, अस्पतालों में संक्रमण रोकथाम, दवाओं के उचित इस्तेमाल और जन‑जागरूकता पर कार्यवाही की जा रही है।
संगठनिक प्रतिनिधियों ने बताया कि भारत में एंटीमाइक्रोबियल दवाओं की आधे से अधिक बिक्री बिना डॉक्टर के पर्चे के होती है। ओपीडी में लिखी जाने वाली करीब आधी एंटीबायोटिक दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन भी अनुचित पाए जाते हैं। इस स्थिति को बदलने के लिये देशभर में जागरूकता अभियान चलाने और बिना वैध पर्चे के एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री रोकने पर जोर दिया गया।
सुरक्षित निस्तारण, मेडिकल दुकानों पर बिना पर्चे के दवाएं न बेचने की कानूनी चेतावनी प्रदर्शित करने, नकली दवाओं पर रोक, तथा पशु चिकित्सा में दवाओं के सही इस्तेमाल को बढ़ावा देने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
सभी राज्य, केंद्रशासित प्रदेश, स्वास्थ्य संस्थान, शिक्षण संस्थान और सामाजिक संगठनों से आग्रह किया गया कि एएमआर के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं।
क्या है विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह? विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह हर साल 18 से 24 नवंबर तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आम लोगों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं तथा वन हेल्थ से जुड़े सभी पक्षों को इसके प्रसार को रोकने के लिए जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
