Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

मध्य प्रदेश में 1 से 25 दिसंबर तक चलेगा भाजपा का ‘सेवा दूत’ अभियान

मध्यप्रदेश, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। भाजपा ने घोषणा की है कि 1 से 25 दिसंबर तक हर विधानसभा क्षेत्र में विशेष ‘सेवा दूत’ अभियान चलाया जायेगा, जिसका उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय बनाना और जनसंपर्क को तेज करना है। इस दौरान, पूर्णकालिक कार्यकर्ता हर क्षेत्र में प्रवास करेंगे, स्थानीय पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश के पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की मौजूदा गतिविधियों, हाल ही में संपन्न अभियानों और कार्यक्रमों का अवलोकन किया और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा उनके प्रभावी कार्यान्वयन पर चर्चा की।

शिवप्रकाश ने जोर देते हुए कहा, “पद नहीं, जिम्मेदारी और परिणाम से तय होगी कार्यक्षमता।” उन्होंने बताया कि भाजपा की ताकत उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं पर निर्भर है। प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से पालन करना चाहिए। शिवप्रकाश ने डिजिटल और सोशल मीडिया के उपयोग को भी संगठनात्मक संवाद में अहम बताया।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने अभियान के उद्देश्य के बारे में कहा, “यह ‘सेवा दूत’ अभियान बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और जनसेवा के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने में मदद करेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा के साथ सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभाएँगे।

चंद्रशेखर ने समन्वय और कार्ययोजना पर बल देते हुए कहा, “संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर बेहतर संवाद और सुनियोजित कार्ययोजना अनिवार्य है।” उन्होंने यह भी कहा कि जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *