Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

स्याही–सनावल मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से का उन्नयन, 9.10 करोड़ रुपये की निविदा को मिली स्वीकृति

बलरामपुर, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। क्षेत्र में जर्जर सड़कों की समस्या दूर करने की दिशा में स्याही–सनावल मार्ग के मजबूतीकरण एवं उन्नयन का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग के रामानुजगंज संभाग ने 28 किलोमीटर सड़क के कार्य के लिए लगभग 9 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये की निविदा को स्वीकृति दी है। इस कार्य को लेकर कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रामविचार नेताम ने पहल की थी।

लोक निर्माण विभाग के 17 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, निविदा समिति की अनुशंसा पर नवीन एग्रो इंडस्ट्रीज, अंबिकापुर की न्यूनतम निविदा दर को मंजूरी दी गई। कार्य निर्धारित प्राक्कलित लागत से 15.80 प्रतिशत अधिक दर पर स्वीकृत किया गया है। इसके लिए पाँच वर्ष की परफॉर्मेंस गारंटी की शर्त भी रखी गई है।

सड़क का उन्नयन किलोमीटर 1 से 9, किलोमीटर 13 से 18 और किलोमीटर 23 से 35 तक के हिस्से में किया जाएगा। कुल 28 किलोमीटर मार्ग के मजबूतीकरण और उन्नयन से क्षेत्र के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में परेशानी होती है। स्याही–सनावल मार्ग के उन्नयन से इन क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होने के साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को भी सुविधा मिलने की संभावना है।

मंत्री रामविचार नेताम क्षेत्र की सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। विभागीय स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद अब क्षेत्रवासियों को निर्माण कार्य जल्द शुरू होने और निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *