Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

कोविड योद्धा भौपाल में जुटे, नीलम पार्क से जिलों तक आंदोलन का विस्तार

भौपाल, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। कोरोना महामारी के दौरान मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएँ देने वाले कोविड योद्धा ने नौकरी पर दोबारा रखने की माँग पर आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को नीलम पार्क में सैकड़ों आयुष चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने अब जिला स्तर पर भी आंदोलन का विस्तार करने की घोषणा की है, जिससे सीएमएचओ कार्यालयों के बाहर भी रैली हो सकेगी।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वे 5 अक्टूबर से अपनी माँगों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री रायेंद्र शुक्ला तथा अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कोविड काल में सेवाएँ देने वाले अस्थायी कर्मचारियों की बहाली और उनके रोजगार की सुरक्षा हेतु ठोस नीति बनाने की माँग रखी। संघ का कहना है कि सरकार ने मांगों पर विचार करने और प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है, परंतु अब तक बहाली को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

संघ के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने 11 नवंबर को सभी जिलों के सीएमएचओ को पत्र जारी कर तीन दिन के भीतर कोविड कर्मचारियों से संबंधित जानकारी माँगी थी। इसके बावजूद कई जिलों से अभी तक जानकारी भौपाल नहीं भेजी गई है। इसलिए आंदोलनकारी जिला स्तर पर भी सीएमएचओ कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे, और उनकी माँग है कि कर्मचारी संबंधित लंबित जानकारी तुरंत भौपाल भेजी जाए ताकि बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

संयोजक डॉ. अंकित असाटी ने बताया कि आंदोलन में महिलाएं भी छोटे बच्चों के साथ शामिल हो रही हैं। आंदोलनकारियों ने नीलम पार्क में ही सामूहिक रूप से भोजन तैयार करने और एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया है। कोविड योद्धाओं ने प्रदर्शन के दौरान 31 यूनिट रक्तदान भी किया।

डॉ. असाटी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान लगभग दो साल तक सेवाएँ देने के बाद हजारों कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया। इसके बाद से उनके सामने रोजगार और परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि महामारी के मुश्किल दौर में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को ठोस नीति बनानी चाहिए। संघ ने स्पष्ट किया है कि बहाली और रोजगार सुरक्षा को लेकर लिखित आश्वासन मिलने तथा ठोस नीति बनाई जाने तक नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *