Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

फिल्म ‘सूर्या’ के ट्रेलर और फिल्म में डिस्क्लेमर, दिल्ली हाई कोर्ट में निर्माताओं ने दिया भरोसा

नई दिल्ली, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। सनी देओल अभिनीत हिंदी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ को लेकर डॉक्टरों की आपत्तियों के बाद निर्माता ने ट्रेलर और फिल्म में डिस्क्लेमर शामिल करने का आश्वासन दिया है। निर्माताओं ने दिल्ली उच्च न्यायालय को भरोसा दिलाया कि डिस्क्लेमर में स्पष्ट रूप से कहा जाएगा कि यह फिल्म काल्पनिक रचना है और यह मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का रूपांतरण है। इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए न्यायमूर्ति अमित महाजन की बेंच ने 17 नवंबर को याचिका का निपटारा कर दिया और कहा कि इस मामले में अलग से कोई आदेश जारी करने की आवश्यकता नहीं है।

डॉ. निशांत सोनी और अन्य डॉक्टरों की ओर से दायर याचिका में फिल्म के टीज़र और ट्रेलर पर आपत्ति जताई गई थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि फिल्म में निजी एवं कॉरपोरेट अस्पतालों के डॉक्टरों को भ्रष्ट तरीके से दिखाया गया है, जिससे चिकित्सा पेशे की गलत छवि बन सकती है और पहले से ही हिंसा का सामना कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति लोगों में आक्रोश बढ़ने की आशंका है। डॉक्टरों ने यह भी दलील दी थी कि टिज़र में कहानी को “अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं से प्रेरित” बताने से दर्शकों में यह धारणा बन सकती है कि घटनाएँ वास्तविक हैं। याचिका में संबंधित अधिकारियों को टिज़र की जांच करने और सिनेमैटोग्राफ अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत उचित कार्रवाई करने की मांग की गई थी, साथ ही ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म से टिज़र हटाने या उस पर रोक लगाने की भी माँग की गई थी।

निर्माता एमएम मूवीज की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नायर ने न्यायालय को बताया कि ‘सूर्या’ 2018 में आई मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का रूपांतरण है। उन्होंने कहा कि मूल फिल्म पर किसी प्राधिकरण ने प्रतिबंध नहीं लगाया था और उसे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी मिले हैं। निर्माताओं ने ट्रेलर और पूरी फिल्म में उपयुक्त डिस्क्लेमर लगाने का आश्वासन भी दिया।

केंद्र सरकार की ओर से बताया गया कि उस समय तक फिल्म को प्रमाणन की अनुमति नहीं मिली थी। न्यायालय ने निर्माता के आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए याचिका का निपटारा कर दिया। फिल्म पहले 20 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी, परंतु सेंसर प्रमाणन प्रक्रिया पूरी होने की प्रतीक्षा में निर्माताओं ने रिलीज़ टाल दी है। नई रिलीज़ तिथि प्रमाणन मिलने के बाद घोषित की जाएगी। फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है, जिसमें सनी देओल के साथ रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी हैं। इस फिल्म को लेकर राजस्थान उच्च न्यायालय में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से दायर एक अलग याचिका भी लंबित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *