
Article-Politics-Classroom
(व्यंग्य) सियासत की पाठशाला, मोहब्बत की दुकान, वंशावली का अद्भुत गणित
विनय के पाठक
भारतीय राजनीति का रंगमंच भी बड़ा अद्भुत है। यहां कब कौन-सा सूत्र लागू हो जाए और कब कौन-सी परिभाषा बदल जाए, इसका अंदाजा बड़े-बड़े गणितज्ञ और समाजशास्त्री भी नहीं लगा सकते। हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक संदेश खूब चर्चा में रहा। इस संदेश में उन्होंने बड़े ही दार्शनिक और आध्यात्मिक अंदाज में लिखा कि भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है कि वे प्रेम को महसूस ही नहीं कर पा रहे हैं। आगे उन्होंने खुद को एक ‘सच्चा हिंदू’ बताते हुए यह बीड़ा उठाया कि वे उन समर्थकों को इस जाल से मुक्त कराएंगे, ताकि वे भी प्रेम और अपनेपन की सुंदरता को जान सकें। अंत में उन्होंने ‘सत्यम् शिवम् सुंदरम्’ लिखकर अपनी बात को एक सांस्कृतिक आवरण भी दे दिया।
राहुल गांधी का यह बयान सुनते ही लोगों को उनकी बहुचर्चित ‘मोहब्बत की दुकान’ की याद आ गई। सियासत के इस बाजार में यह दुकान भी बड़ी अनोखी है। जब चुनाव नजदीक आते हैं या वैचारिक घेराबंदी करनी होती है, तो इस दुकान का शटर बड़ी तेजी से उठता है। इसमें प्रेम, करुणा और भाईचारे के पैकेट सजाए जाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस दुकान के मालिक का दावा है कि वे विरोधियों को भी प्रेम का पाठ पढ़ाएंगे। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे कोई दुकानदार अपने पड़ोसी दुकानदार के ग्राहकों को बुलाकर कहे कि तुम्हारे सेठ ने तुम्हें डरा रखा है, आओ मैं तुम्हें असली मिठास चखाता हूं।
लेकिन इस पूरे विमर्श में सबसे ज्यादा ध्यान जिस शब्द ने खींचा, वह था— ‘एक सच्चे हिंदू के रूप में’। जैसे ही यह वाक्य सामने आया, देश के राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया के चौपालों पर वंशावली के पुराने पन्ने पलटे जाने लगे। सियासत में पहचान का यह गणित किसी पहेली से कम नहीं है। अकसर राजनीतिक विश्लेषक और आम जनता इस बात पर माथापच्ची करते नजर आते हैं कि आखिर यह समीकरण काम कैसे करता है।
इतिहास के पन्नों पर नजर डालें तो कहानी दादा फिरोज गांधी और दादी इंदिरा गांधी से शुरू होती है। फिरोज गांधी पारसी परिवार से संबंध रखते थे, जिन्हें लेकर समय-समय पर कई तरह की चर्चाएं भी होती रही हैं। वहीं इंदिरा गांधी हिंदू परिवार से थीं। सामान्य सामाजिक परंपराओं और पितृवंश के नियमों के ाब से देखें, तो संतान की पहचान पिता के कुल और धर्म से तय होती है। लेकिन उस पीढ़ी में समय ने कुछ ऐसी करवट ली कि पितृवंश के बजाय मातृवंश की परंपरा को आधार माना गया। नतीजा यह हुआ कि फिरोज गांधी और इंदिरा गांधी के पुत्र राजीव गांधी को हिंदू पहचान मिली।
कहानी यहीं खत्म नहीं होती, बल्कि आगे चलकर और भी रोचक मोड़ लेती है। राजीव गांधी का विवाह इटली मूल की सोनिया से हुआ, जो ईसाई परंपरा से आती हैं। अब जनता और परंपरा के जानकारों ने सोचा कि पिछली पीढ़ी में जो मातृवंश का नियम लागू हुआ था, वही आगे भी चलेगा। यदि दादी के समय का सूत्र ही लागू रहता, तो सोनिया गांधी की संतानों— यानी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की पहचान भी मातृवंश के आधार पर तय होती। लेकिन सियासत और सुविधा के इस अनोखे गणित ने यहां एक बार फिर अपना नियम बदल लिया। इस पीढ़ी में मातृवंश को विराम देकर अचानक पितृवंश की पुरानी पटरी पर गाड़ी दौड़ा दी गई। परिणामस्वरूप, राजीव और सोनिया की संतानें भी हिंदू ही कहलाईं।
यानी पारसी पिता और हिंदू माता की संतान भी हिंदू, और फिर हिंदू पिता तथा ईसाई माता की संतान भी हिंदू। गणित के इस समीकरण का केंद्र-बिंदु खोजने में अच्छे-अच्छों का सिर चकरा जाता है। कभी माता का नियम प्रभावी हो जाता है, तो कभी पिता की बारी आ जाती है। कभी जनेऊ धारण कर खुद को शिवभक्त और ब्राह्मण बताया जाता है, तो कभी ‘सच्चे हिंदू’ के रूप में विरोधियों का हृदय परिवर्तन करने का संकल्प लिया जाता है।
कुल मिलाकर, ‘मोहब्बत की दुकान’ से लेकर ‘सच्चे हिंदू’ होने के दावे तक, यह पूरी यात्रा बताती है कि राजनीति में तर्क और परंपराएं हमेशा परिस्थिति के अनुसार ढल जाती हैं। जनता भी इस सियासी जादूगरी को देखकर मुस्कुराती है और सोचती है कि काश ऐसा लचीला गणित उन्हें स्कूल की परीक्षाओं में भी मिला होता, जहां हर सवाल का जवाब अपनी सुविधा के अनुसार सही साबित किया जा सकता!
(लेखक, वरिष्ठ पत्रकार हैं)
—————
(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)
