Wednesday, November 18खबर जो असर करे |
Shadow

सोनिया-राजीव के संदर्भ में राहुल गांधी के बयान ने खड़े किए सवाल

Belonging-A-Journey-of-Love-rahul-gandhi
सोनिया-राजीव के संदर्भ में राहुल गांधी के बयान ने खड़े किए सवाल

सुदेश गौड़

किसी परिवार में पति-पत्नी के बीच प्रेम और आत्मीयता का अपना संसार होता है। उस संसार की स्मृतियां साझा करना गलत नहीं, लेकिन सार्वजनिक मंच पर निजी प्रसंगों के चयन और उनकी अभिव्यक्ति में विवेक तथा मर्यादा का ध्यान रखना भी आवश्यक है। राजनीति में नेताओं के भाषणों का मूल्यांकन केवल उनके राजनीतिक विचारों, आरोपों और प्रत्यारोपों से नहीं होता। उनके बोलने का तरीका, शब्दों का चयन, प्रसंगों की समझ और सार्वजनिक मंच की गरिमा भी उनके व्यक्तित्व के महत्वपूर्ण पक्ष उजागर करते हैं। हाल ही में सोनिया गांधी की पुस्तक Belonging: A Journey of Love के विमोचन समारोह में राहुल गांधी द्वारा सुनाया गया एक पारिवारिक प्रसंग इसी दृष्टि से चर्चा का विषय बन गया है।

राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया और राजीव गांधी के आपसी प्रेम का उल्लेख करते हुए बताया कि भोजन के समय उनकी मां उनके पिता की गोद में बैठती थीं। बचपन में उन्हें यह व्यवहार बिल्कुल सामान्य लगता था। वे अपने मित्रों से पूछा करते थे कि उनके घरों में ऐसा क्यों नहीं होता? उनके लिए माता-पिता के प्रेम की यह अभिव्यक्ति उनके परिवार के सामान्य जीवन का ्सा थी।

यह एक निजी पारिवारिक संस्मरण था। संभव है कि राहुल गांधी के लिए यह अपने माता-पिता के बीच आत्मीयता और प्रेम को याद करने का सहज तरीका रहा हो। लेकिन सवाल यह है कि क्या हर निजी पारिवारिक अनुभव को सार्वजनिक मंच से साझा करना आवश्यक है? क्या वक्ता को यह विचार नहीं करना चाहिए कि जिस प्रसंग को वह अपने परिवार में सामान्य मानता है, वह सार्वजनिक मंच पर उपस्थित दूसरे लोगों के लिए कितना असहज हो सकता है?

यहां एक बुनियादी अंतर समझना जरूरी है। पति-पत्नी के बीच प्रेम, निकटता और आत्मीयता न तो कोई अनुचित बात है और न ही उसे छिपाने की आवश्यकता है। भारतीय साहित्य, संस्कृति और परंपरा में दांपत्य प्रेम की अभिव्यक्ति के असंख्य उदाहरण मिलते हैं। लेकिन प्रेम की अभिव्यक्ति और निजी अंतरंगता के विवरण को सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत करना दो अलग-अलग विषय हैं। किसी बात का पारिवारिक जीवन में सहज होना आवश्यक नहीं कि उसे हर सार्वजनिक अवसर पर साझा करना भी उतना ही सहज बना दे। राहुल गांधी ने जिस प्रसंग को बचपन की मासूम स्मृति के रूप में सुनाया, उसमें उनकी भावनाएं अपनी जगह हो सकती हैं। लेकिन सार्वजनिक जीवन में केवल भावनाओं का होना पर्याप्त नहीं होता। उनके साथ अवसर की समझ, शब्दों का संयम और श्रोताओं की संवेदनशीलता का ध्यान रखना भी जरूरी होता है। अपने बयान की हर तरफ निंदा होने पर राहुल द्वारा शिव पार्वती का ऐसा ही चित्र जारी करने पर वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप भटनागर तंज कसते हुए कहते हैं कि राहुल गांधी ने अपनी मां पर एक भाषण क्या दिया, रफूगर और रंगसाजों को बैठे बिठाए काम मिल गया। नेता तो ऐसा ही होना चाहिए जो बूढ़े बेरोजगारों को भी काम पर लगा दे।

बचपन की सहजता और वयस्क की अभिव्यक्ति में अंतर

राहुल गांधी ने अपने बचपन का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्हें लगता था कि माता-पिता का ऐसा व्यवहार सामान्य है और वे दूसरे बच्चों से भी इसी बारे में पूछा करते थे। यह आठ-दस वर्ष के किसी बच्चे की जिज्ञासा होती तो उसे सहज बालसुलभ व्यवहार कहा जा सकता था। बच्चे अपने घर के वातावरण को ही दुनिया का सामान्य व्यवहार मान लेते हैं। उन्हें यह समझने में समय लगता है कि प्रत्येक परिवार की अपनी परंपराएं, आदतें और भावनात्मक अभिव्यक्तियां होती हैं। लेकिन जब वही प्रसंग 56 साल का एक प्रौढ़ व्यक्ति, जो देश के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हो, सार्वजनिक मंच से सुनाता है तो उसका मूल्यांकन अलग कसौटी पर होता है। यहां सवाल बचपन की मासूमियत का नहीं, बल्कि प्रौढ़ वक्ता के रूप में प्रसंग के चयन और उसकी सार्वजनिक प्रस्तुति का है। क्या राहुल गांधी यह समझ रहे थे कि वे किस अवसर पर क्या कह रहे हैं? क्या उन्हें यह आभास था कि उनके शब्दों को सुनने वाले अलग-अलग सामाजिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आते हैं? क्या सार्वजनिक मंच पर पारिवारिक प्रेम को व्यक्त करने के लिए कोई दूसरा अधिक मर्यादित और गरिमापूर्ण तरीका नहीं चुना जा सकता था?

वरिष्ठ पत्रकार देवप्रिय अवस्थी कहते हैं कि राहुल गांधी द्वारा सोनिया के राजीव की गोद में बैठने की बात परंपरागत भारतीय समाज में आसानी से हजम होने वाली नहीं है। इंदिरा गांधी के जीवन काल में पूरे परिवार के साथ बैठकर भोजन करने के जो चित्र सोशल मीडिया पर उपलब्ध हैं, वे राहुल गांधी की बात की पुष्टि नहीं करते हैं। यह बात भी आम है कि जब तक इंदिरा गांधी जीवित थीं, तब पूरा परिवार साथ बैठकर भोजन करता था, इसलिए राहुल द्वारा भोजन के समय सोनिया के राजीव गांधी की गोद में बैठने के प्रसंग का उल्लेख किए जाने का औचित्य मेरी समझ से परे है।

सार्वजनिक जीवन में निजता का सम्मान

भारतीय परिवार व्यवस्था में निजता का अपना महत्व है। परिवार के सदस्यों के बीच होने वाले अनेक व्यवहार प्रेम, विश्वास और आत्मीयता के प्रतीक होते हैं। उनका महत्व इसी बात में भी है कि वे परिवार के अपने भावनात्मक संसार का ्सा होते हैं। हमारे यहां बड़ों के सामने बोलने, पारिवारिक प्रसंगों का उल्लेख करने और सार्वजनिक समारोहों में शब्दों का चयन करने की एक सामाजिक परंपरा रही है। इसका अर्थ यह नहीं कि समाज को रूढ़ियों में बांध दिया जाए या प्रेम की अभिव्यक्ति पर कोई प्रतिबंध लगाया जाए। इसका सीधा अर्थ है कि हर बात कहने का एक अवसर और हर अवसर की एक गरिमा होती है। राजनीतिक नेता जब किसी सार्वजनिक समारोह में बोलते हैं तो वे केवल अपने परिवार के सदस्य के रूप में उपस्थित नहीं होते। उनके शब्दों को सार्वजनिक विमर्श का ्सा बनाया जाता है। इसलिए उनसे अपेक्षा होती है कि वे अपनी व्यक्तिगत भावनाओं और सार्वजनिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाए रखें।

सार्वजनिक संवाद की मर्यादा

यह भी ध्यान रखना चाहिए कि राहुल गांधी ने यह प्रसंग अपनी मां के प्रति प्रेम और अपने माता-पिता के संबंधों की आत्मीयता व्यक्त करने के लिए सुनाया था। उनके समर्थक इसे एक बेटे की भावुक स्मृति मान सकते हैं। लेकिन एक बात निर्विवाद है कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों की जिम्मेदारी सामान्य बातचीत से कहीं अधिक होती है। विशेषकर तब, जब वक्ता देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता हो और उसके प्रत्येक वक्तव्य का व्यापक सामाजिक तथा राजनीतिक संदर्भ में विश्लेषण किया जाता है। क्या सार्वजनिक जीवन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ अभिव्यक्ति का विवेक भी उतना ही आवश्यक नहीं है?

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

—————


(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *