Wednesday, November 18खबर जो असर करे |
Shadow

बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने टोल पर रोका पिकअप, गोवंश तस्करी की FIR दर्ज

भोपाल, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। विदिशा से भोपाल की ओर आ रहे एक लोडिंग पिकअप में गोवंश के अवैध परिवहन की घटना सामने आई। मंगलवार देर रात लगभग 2 बजे बजरंग दल कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास वाहन को रोका और तलाशी ली। पिकअप में कुल नौ गोवंश मिले, जिनमें आठ जीवित और एक मृत था। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन जब्त कर लिया।

एफ़आईआर के अनुसार, कार्यकर्ताओं को बताया गया था कि लोडिंग पिकअप एमपी 41‑जेडएल‑4638 में गोवंश भरकर विदिशा की ओर से भोपाल लाया जा रहा है। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम और कार्यकर्ता विदिशा रोड स्थित सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास पहुंचे, जहाँ उन्होंने संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन के अंदर गोवंश भरे पाए गए। इसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर गोवंश को बाहर निकालवाया।

पुलिस और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में गोवंश की गिनती की गई। कुल नौ गोवंशों में से एक मृत पाया गया, जिसकी पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कराई गई। शेष आठ जीवित गोवंशों को सुरक्षित देखभाल के लिए जीवदया गौशाला पहुंचाया गया।

पिकअप चालक लकी राठौर (18), पुत्र दिनेश राठौर, निवासी ग्राम धर्मपुरी, थाना सांवेर, जिला इंदौर, के अलावा रामवीर मीना (26), निवासी भटमड़ा, तथा शीतांशु ठाकुर और अजब सिंह ठाकुर (दोनों 21 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवंश के अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की और पिकअप के साथ रस्सी व अन्य सामान भी जब्त किया। वर्तमान में पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *