प्रतापगढ़। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने रामकथा के आयोजनों का विरोध करने वालों को दो टूक जवाब देते हुए कहा कि यदि रामकथा पर रोक लगाई जाती है तो नमाज और चर्च में होने वाली प्रार्थना पर भी रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान सभी को अपने धर्म के प्रचार-प्रसार का अधिकार देता है। ऐसे में रामकथा के आयोजन को रोका नहीं जा सकता। वह सनातन धर्म को एकजुट करने के उद्देश्य से कथा कर रहे हैं और अपना कार्य निरंतर जारी रखेंगे।
बेंती में आयोजित श्रीराम कथा के समापन के बाद देर रात पत्रकारों से बातचीत में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि रामकथा को लेकर कौन क्या कह रहा है, वह इस पर ध्यान नहीं देते। जब वह रामकथा कहने निकले हैं तो स्वाभाविक है कि कुछ लोग विरोध में अपनी बात रखेंगे। वे अपना काम कर रहे हैं और वह अपना कार्य कर रहे हैं।
कथा को चुनाव से जोड़ना स्वाभाविक
चुनावी वर्ष में अधिक कथाओं के आयोजन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी कथाएं पूरे पांच साल चलती रहती हैं। चुनावी वर्ष होने के कारण स्वाभाविक रूप से कथाओं को चुनाव से जोड़कर देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कथा कहने और सुनने से अनेक लोगों को लाभ मिलता है। उनका उद्देश्य सनातन धर्म को एकजुट करना है।
भारत के पुनर्विभाजन संबंधी बयान पर दी सफाई
भारत के पुनः विभाजन से जुड़े अपने पूर्व के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उन्होंने यह बात उन लोगों के संदर्भ में कही थी, जिन्हें आज भारत में डर लगता है। यदि सभी की सहमति हो तो ऐसे लोगों को अलग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में रह रहे अनेक हिंदुओं को भारत आना चाहिए।
यादव और रघुवंशी समाज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके लिए यदुवंशी और रघुवंशी दोनों एक समान हैं। वह स्वयं कृष्ण भक्त हैं और कृष्ण उनके नाम में भी हैं। वह यादव में माधव और माधव में यादव देखते हैं। उन्होंने कहा कि उनके जिस वक्तव्य को मुद्दा बनाया गया, उसे पूरा नहीं सुना गया। बयान के कुछ अंश काटकर प्रस्तुत किए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने क्षमा भी मांग ली थी।
भानवी सिंह ने रामकथा में शामिल होने की जताई इच्छा
प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती राजभवन में आयोजित धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी ने भी अपनी इच्छा जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक पोस्ट लिखकर ससुराल जाकर रामकथा सुनने और बाबा बागेश्वर के दर्शन करने की इच्छा जताई। इसके लिए उन्होंने अपने ‘हजूर’ यानी रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से अवसर देने की उम्मीद भी व्यक्त की है।
श्रीकृष्ण भक्त हैं तो सपरिवार मथुरा जाएं अखिलेश : निशिकांत दुबे
इस बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव वास्तव में श्रीकृष्ण भक्त हैं तो उन्हें सपरिवार मथुरा जाना चाहिए। मथुरा की मुक्ति के लिए जो भी प्रयास करना होगा, उसमें सामूहिक रूप से सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं राम और कृष्ण दोनों के भक्त हैं।
