Wednesday, November 18खबर जो असर करे |
Shadow

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ हुआ भीषण, 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका; कुछ इलाकों के लिए राहत की खबर

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) लगातार तूफान की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान पिछले छह घंटों के दौरान करीब तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इसका संभावित लैंडफॉल नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश-यानम तट पर होने की संभावना जताई गई है। इसके तट के करीब पहुंचने के साथ चेन्नई और उत्तरी तमिलनाडु के आसपास के जिलों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।

समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी

आईएमडी ने चक्रवात के संभावित मार्ग में समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहने की चेतावनी दी है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

ओडिशा के 55 गांवों में भूस्खलन का खतरा

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए ओडिशा के रायगढ़ा जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन ने भूस्खलन की आशंका वाले करीब 55 गांवों की पहचान की है। इन गांवों के लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।

रायगढ़ा के जिलाधिकारी आशुतोष कुलकर्णी ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह

तमिलनाडु सरकार ने समुद्र में बिगड़ते हालात और तेज होती हवाओं को देखते हुए मछुआरों के लिए तत्काल चेतावनी जारी की है। उन्हें मछली पकड़ने की सभी गतिविधियां रोकने और समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन तटीय क्षेत्रों में हालात पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *