Wednesday, November 25खबर जो असर करे |
Shadow

जांजगीर‑चांपा में धान बोनस के अनियमित आहरण का मामला, कृषक व समिति प्रबंधक को नोटिस

जांजगीर‑चांपा, 24 नवंबर (हि. स.)। जिले के चांपा उपविभाग के अंतर्गत ग्राम हथनेवरा में स्थित मंदिर (ट्रस्ट) की भूमि को अनधिकृत रूप से किसान पंजीयन करवाकर तीन वर्ष तक धान बेचने और कृषक उन्नति योजना के तहत बोनस राशि का लाभ उठाने का मामला सामने आया है। जांच में कुल ₹2,19,957 की सरकारी राशि के अनियमित आहरण का पता चला।

शिकायत के बाद संतोष कुमार लहरे (तुलसी) की सूचना पर तहसीलदार चांपा, सहकारिता विस्तार अधिकारी और खाद्य निरीक्षक बम्हनीडीह की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने पाया कि चांपा निवासी किसान सीताराम द्विवेदी ने अपनी निजी 1.8550 हैक्टेयर (ग्राम कुरदा) भूमि के साथ साथ ग्राम हथनेवरा स्थित ‘महादेव स्थान चांपा’ की 2.1930 हैक्टेयर (5.42 एकड़) मंदिर भूमि को भी अपने व्यक्तिगत किसान पंजीयन में शामिल करवा लिया था।

छत्तीसगढ़ शासन के नियमों के अनुसार ट्रस्ट या मंदिर की भूमि पर कृषक उन्नति योजना का लाभ नहीं मिल सकता, परंतु उस समय की सेवा सहकारी समिति मर्यादित चांपा के तत्कालीन तथा वर्तमान समिति प्रबंधक गोविन्द मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेश कुमार साहू ने राजस्व अभिलेख (बी‑1) की पुष्टि किए बिना 2023‑24 में मंदिर की भूमि का पंजीयन कर दिया। इसके बाद 2024‑25 और 2025‑26 में भी एग्रीस्टैक व किसान पोर्टल के माध्यम से इस भूमि को कैरी‑फॉरवर्ड कर सत्यापन किया गया।

जांच के अनुसार, किसान की निजी भूमि के आधार पर उसकी वैध धान विक्रय पात्रता 96.26 क्विंटल प्रतिवर्ष थी, परंतु मंदिर की भूमि को पंजीयन में शामिल करने से उसने तीन वर्ष में कुल 261.22 क्विंटल अतिरिक्त धान बेचा, जिससे ₹2,19,957 की राशि अनियमित रूप से ली गई।

एसडीएम चांपा शशि कुमार चौधरी ने किसान सीताराम द्विवेदी को सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उसी प्रकार समिति प्रबंधक गोविन्द मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेश कुमार साहू को भी सात दिनों में संतोषजनक जवाब देने के लिये नोटिस जारी किया गया है।

प्रशासन ने कहा कि निर्धारित समय में उत्तर न मिलने पर छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, किसान पोर्टल से मंदिर की भूमि के खसरे को तत्काल विलोपित करने की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *