Wednesday, November 25खबर जो असर करे |
Shadow

लतीफ भट के बाद कश्मीर में स्थाई शांति की आहट

By: PEACE

KASHMIR-NEW-SINGNS-OF
लतीफ भट के बाद कश्मीर में स्थाई शांति की आहट

विक्रम उपाध्याय

कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद कश्मीर में अब कोई सक्रिय स्थानीय आतंकवादी नहीं बचा है। यह देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। आतंकवाद का दंश कश्मीर 35 वर्षों से झेल रहा है, लेकिन अब कह सकते हैं कि वहां अब शांति का एक अहसास स्थानीय लोग महसूस कर रहे हैं। लगभग चार दशक बाद यह बात सुकून देने वाली है कि इस समय कोई अपना कश्मीरी बच्चा देश के खिलाफ जेहाद के रास्ते पर नहीं है। इसके लिए मोदी सरकार, खासकर गृहमंत्री अमित शाह को शाबाशी मिलनी चाहिए। उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से आतंकवाद की जड़ों पर प्रहार किया और देश के खिलाफ जेहाद करने वालों को “जहां भी हों खत्म करो” की नीति को मजबूती से लागू किया। आतंकवाद के खिलाफ आम कश्मीरियों में भी वितृष्णा देखी जा रही है। खासकर युवाओं में देश के साथ कंधे से कंधे मिलाकर चलने की नई प्रवृत्ति जन्म ले चुकी है। मोदी सरकार भी उन्हें भरपूर प्रोत्साहन दे रही है। अकेले 2026 में पूरे कश्मीर से 500 से अधिक युवाओं ने अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती ली है। यह बदलते कश्मीर की एक झलक है।

हाल ही में एनआईए के आतंकवाद-रोधी सम्मेलन में गृहमंत्री ने कहा भी कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में स्थायी सफलता के लिए बहुत जरूरी है कि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय हो। खुफिया जानकारी साझा हो और स्पष्ट जवाबदेही भी हो। वास्तव में कश्मीर घाटी से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट का खात्मा इसी समन्वय का परिणाम है। यह एक बड़ी उपलब्धि है। 35 वर्षों में पहली बार कश्मीर में कोई भारतीय सक्रिय आतंकवादी नहीं है। भारत की यह धरती लोकल आतंकवादी जैसे दोषपूर्ण नाम से मुक्त हो गई है। बकौल गृहमंत्री इस समय देश भर से 40 से अधिक आतंकवादी मॉड्यूल्स को निष्क्रिय किया जा चुका है।

कश्मीर में शांति पाकिस्तान के लिए बिजली के झटके से कम नहीं है, क्योंकि वह लगातार घाटी में आतंकवादी हिंसा को बढ़ावा देकर उसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थानीय आंदोलन के रूप में पेश करता रहा है। लेकिन मोदी सरकार की सतर्कता और लोगों के हितों से जुड़ी योजनाओं ने स्थानीय युवकों में आतंक के प्रति आकर्षण को लगभग खत्म सा कर दिया है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में यह स्थिति किसी वरदान से कम नहीं है। गृहमंत्री अब आतंकवाद के पूरे इको सिस्टम को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं। मोदी सरकार ने न सिर्फ कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद पर लगाम लगाने में सफलता प्राप्त की है, बल्कि इसके पहले वामपंथी उग्रवाद को भी समाप्त करने की उपलब्धि हासिल की है।

मोदी सरकार के कार्यकाल में सुरक्षा बलों की जान पर आसन्न खतरे भी अब बहुत कम हो गए हैं। अब कोई भी आकड़े देख कर संतुष्ट हो सकता है कि 2016 के बाद आतंकवादी अब देश के भीतरी इलाकों में कोई बड़ा हमला करने में सफल नहीं हुए हैं। कारण साफ है कि अब पहले के मुकाबले हमारी खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी संभावित हमले से पहले ही नापाक तत्वों को पकड़ ले रही हैं। सक्रिय आतंकी समूहों के अधिकतर गुर्गे या तो मारे गए हैं या गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अब पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकवादी पीओके से आसानी से घुसपैठ नहीं कर पाते। मोदी सरकार ने जो सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकवादियों पर प्रहार किए उसे पाकिस्तान में बैठे उनके आका वर्षों याद रखेंगे।

मोदी सरकार ने आतंकवाद पर पूरी तरह नकेल डालने के लिए पिछले 12 सालों में बड़े पैमाने पर कानूनी बदलाव किए हैं। खासकर गृहमंत्री का एक ही मकसद रहा कि आतंकवाद के प्रति जीरो-टॉलरेंस रखेंगे और उसी अप्रोच से काम करेंगे। मजबूत कानूनी फ्रेमवर्क, इंस्टीट्यूशनल सुधार और इंटेलिजेंस इंटीग्रेशन का काम पूरे शिद्दत से किया गया। सेंट्रल और स्टेट एजेंसियों के बीच इंटर-एजेंसी को-ऑर्डिनेशन पर सबसे अधिक जोर दिया गया। क्रॉस बॉर्डर आतंकवाद की कमर तोड़ने के लिए सीमा पर बाड़ लगाने के साथ साथ 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी गई। टेरर फाइनेंसिंग नेटवर्क को खत्म करने के लिए अलग से नेटवर्क बनाए गए, जिसमें विदेशी एजेंसियों के साथ तालमेल कर सोर्स पर प्रहार किया गया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए ) को आतंकी फंडिंग रोकने की विशेष जिम्मेदारी दी गई।

सनद रहे कि ‘राष्ट्रीय जांच एजेंसी अधिनियम, 2008 मुंबई हमले के बाद लागू किया गया। तभी से एनआईए भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता के प्रति खतरा बन रहे संगठित अपराधियों के खिलाफ काम कर रही है। पहले इसकी जांच का दायरा बहुत सीमित रखा गया, लेकिन 2019 में गृह मंत्रालय की ओर से एनआईए संशोधन विधेयक लाया गया, जिसे दोनों सदनों की मंजूरी भी मिली। उसके बाद एनआईए के दायरे में कई तरह के नए अपराधों की जांच को शामिल कर दिया गया। आतंकवाद के मामलों के अलावा, मानव तस्करी, जाली मुद्रा या बैंक नोटों से जुड़े अपराधों, प्रतिबंधित हथियारों के निर्माण या बिक्री, साइबर-आतंकवाद और ‘विस्फोटक पदार्थ से जुड़े अपराधों की भी जांच एनआईए कर सकती है।

एनआईए को मजबूती प्रदान करने के गृह मंत्रालय के फैसले ने कश्मीर में सक्रिय आतंकवादियों की कमर तोड़ कर रख दी। जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर से जुड़े आतंकियों की अचल संपत्तियां जब्त की गईं। उनमें एक पुलवामा के आतंकी आसिफ अहमद मलिक की छह संपत्तियां भी शामिल हैं। वह सीमा पार से कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों की घुसपैठ कराता था। अब तक एनआईए आतंकवादियों की जम्मू-कश्मीर में 110 से अधिक संपत्तियों को जब्त कर चुकी है। जाहिर है आतंकवाद के खिलाफ यह एक बहुत बड़ी सफलता है।

पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के आधुनिकीकरण पर निवेश किया गया और नेशनल सिक्योरिटी आर्किटेक्चर को मजबूत किया गया। वित्त वर्ष 2026–27 में केंद्र सरकार ने अकेले जम्मू-कश्मीर पुलिस को 9,925.50 करोड़ रुपये आधुनिकरण के लिए आवंटित किए। इसके अलावा, खुफिया एजेंसियों के लिए भी अलग से फंड दिया गया है। साइबर सिक्योरिटी को भी चुस्त बनाने के साथ डिजिटल खतरों के खिलाफ भी मोर्चेबंदी की गई। गृहमंत्री अमित शाह आतंकवाद के खिलाफ रिएक्टिव रिस्पॉन्स के बजाय प्रोएक्टिव अप्रोच की नीति से काम कर रहे हैं और जांच एजेंसियों की कार्यक्षमता बढ़ाने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इस समय हमारी एजेंसियां डिप्लोमैटिक चैनल का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कार्रवाई करने में सक्षम है अब आतंक के प्रयोजकों को ग्लोबल लेवल पर एक्सपोज किया जा रहा है।

देश में आज सुरक्षा का माहौल है। लोग अपनी जिंदगी सुकून से जी रहे हैं। देश के सिक्योरिटी सिस्टम पर देश को भरोसा है। भारत का काउंटर-टेररिज्म रिकॉर्ड भी इसकी पुष्टि करता है। 2014 में आतंकवाद को लेकर हमारे सामने बड़ी चुनौतियां थीं। 2004 से 2014 के दौरान 7,217 आतंकवादी घटनाएं हुई थीं। सैकड़ों लोग आतंकवाद की भेंट हर साल चढ़ रहे थे। लश्कर ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की मदद से 2008 मुंबई में हमला किया जिसमें 166 लोगों की जान गई। तब कोई जवाबदेही लेने के लिए तैयार नहीं हुआ। फिर 2010 से 2014 तक लगातार पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं। 2014 में ही इस्लामिक स्टेट की भी गतिविधियां देखी गई। ऑनलाइन रेडिकलाइजेशन और रिक्रूटमेंट की नई लहर भी आई।

2019 में जब गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी अमित शाह ने संभाली तो कुछ समय बाद ही धरातल पर स्थितियां बदलती नजर आने लगी। पत्थरबाजी रुक गई और कश्मीर घाटी में आतंकवादी हिंसा भी थमने लगी। अनुच्छेद 370 को समाप्त कर कश्मीरियों को मुख्य धारा में लाने की कोशिश रंग लाई और मोदी सरकार के आह्वान से कश्मीरी युवाओं के नजरिये में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। मोदी सरकार ने जो विश्वास कश्मीर के लोगों को दिया उससे लोग जुड़ते चले गए। वर्षों बाद कश्मीर के हर चुनाव में युवाओं की सक्रिय भागीदारी हुई और एक नए कश्मीर का उदय होने लगा।

(लेखक, वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

—————


(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *