
जगदलपुर, 25 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। जिला प्रशासन द्वारा धान की अवैध जमाखोरी और निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण पर अंकुश लगाने के लिये लगातार सख़्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में खाद्य विभाग, मंडी बोर्ड और नोडल अधिकारी अलनार की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के विकासखंड लोहंडीगुड़ा के ग्राम छिंदबहार स्थित नीता नाग एवं गंगा नाग के गोदामों का संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान गोदाम में निर्धारित सीमा से अधिक 149 बोरा (कुल 59.60 क्विंटल) धान का स्टॉक पाया गया।
नियमों के उल्लंघन और निर्धारित सीमा से अधिक धान के भंडारण पर टीम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19 के तहत वैधानिक कार्रवाई की। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान सहायक खाद्य अधिकारी दिव्या कार्यान्त सहित खाद्य, मंडी विभाग तथा प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी‑कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध भंडारण और अनियमितताओं के विरुद्ध इस प्रकार की निगरानी और सख़्त कार्रवाई आगे भी निरन्तर जारी रहेगी। यह कदम स्थानीय किसान एवं व्यापारियों को निर्धारित भंडारण सीमा का पालन करने के लिये चेतावनी स्वरूप है, ताकि खाद्य सुरक्षा एवं बाजार की स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।
