Wednesday, November 25खबर जो असर करे |
Shadow

आईआईईएसटी शिबपुर ने मनाया 171वां स्थापना दिवस और नई शैक्षणिक इमारत तथा खेल परिसर का उद्घाटन

कोलकाता, 24 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय अभियांत्रिकी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईईएसटी), शिबपुर ने मंगलवार को अपने 171वें स्थापना दिवस का जश्न मनाया। इस मौके पर संस्थान में दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए और नई शैक्षणिक इमारत व आधुनिक बहुउद्देशीय खेल परिसर का औपचारिक उद्घाटन किया गया। शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

स्थापना दिवस पर दोपहर 12 बजे संस्थान के निदेशक सम्मेलन कक्ष में दो समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। पहला समझौता भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई) और आचार्य जगदीश चंद्र बोस भारतीय वनस्पति उद्यान के साथ किया गया। इस समझौते के अंतर्गत परिसर में मौजूद पौधों एवं दुर्लभ वनस्पतियों की पहचान, वैज्ञानिक अध्ययन और नामकरण की व्यवस्था स्थापित की जाएगी।

दूसरा त्रिपक्षीय समझौता भारत सरकार के एमएसएमई परीक्षण केंद्र और यूनिरॉक्स बाइक्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ हुआ। इसका उद्देश्य साइकिलों के परीक्षण की व्यापक व्यवस्था विकसित करना और स्वदेशी तकनीक को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बढ़ावा देना है।

दोपहर दो बजे लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पाँच मंजिला नई शैक्षणिक इमारत का उद्घाटन किया गया। जून 2024 से बन रहे इस भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल पाँच हजार पाँच सौ वर्ग मीटर है। दिव्यांगजनों के अनुकूल इस इमारत में दस कक्षाएं, सात प्रयोगशालाएं, 200 लोगों की क्षमता वाला सभागार, एक सेमिनार हॉल और शिक्षकों तथा शोधार्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था है।

शाम 5:45 बजे वुल्फेंडेन हॉल के पास आधुनिक बहुउद्देशीय खेल परिसर का उद्घाटन हुआ। बंगाल बॉन्डेड वेयरहाउस लिमिटेड ने केवेंटर्स समूह की कंपनी के रूप में सीएसआर पहल के तहत इसका निर्माण कराया है। लगभग 7,750 वर्ग फुट में फैले इस परिसर में दो बैडमिंटन कोर्ट, दो पिकलबॉल कोर्ट और एक टेनिस कोर्ट हैं, जो अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ से अनुमोदित है। यहाँ शाम व रात में खेल गतिविधियों के लिये विशेष प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।

मुख्य समारोह दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक संस्थान के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी खड़गपुर के निदेशक एवं सर जे.सी. बोस नेशनल फेलो प्रो. सुमन चक्रवर्ती विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने अनुसंधान को व्यावहारिक तकनीक में बदलने और तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के महत्व पर चर्चा की।

ओ.पी. जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय, सोनीपत के प्रोफेसर एवं पूर्व राजनयिक डॉ. जितेंद्र नाथ मिश्रा ने ‘प्रथम सहस्राब्दी में भारतीय कूटनीति’ विषय पर व्याख्यान दिया। पूर्व छात्रों के संगठन के अध्यक्ष अमिताभ दत्ता ने संस्थान की ऐतिहासिक इमारतों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर प्रस्तुति दी। इस दौरान 25 वर्ष या उससे अधिक समय तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में 170 वर्षों के इतिहास पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘आईआईईएसटी शिबपुर-ए जर्नी ऑफ 170 इयर्स’ का विमोचन भी हुआ, जिसमें 1856 से आज तक की विकास यात्रा को चित्रों व विवरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

संस्थान के निदेशक प्रो. वी.एम.एस.आर. मूर्ति ने कहा कि 171 वर्षों की यात्रा में संस्थान ने परंपरा और आधुनिक तकनीक के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया है। शिक्षा, अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक सहयोग के क्षेत्र में यह संस्था लगातार आगे बढ़ रही है। शासी मंडल की अध्यक्ष तेजस्विनी अनंत कुमार ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए विद्यार्थियों से तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा समाज सेवा को भी महत्व देने का आह्वान किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *