Wednesday, November 25खबर जो असर करे |
Shadow

अनूपपुर में लायंस नायक विनीत विश्वकर्मा को सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

अनूपपुर, 24 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम धनगवां निवासी भारतीय सेना के जवान लायंस नायक विनीत विश्वकर्मा का मंगलवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान को अंतिम विदाई देने के लिए जबलपुर से भारतीय सेना की 17 सदस्यीय टुकड़ी धनगवां पहुंची।

सैन्य जवानों ने निर्धारित परंपराओं के अनुरूप पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद बंदूकों से सलामी देकर अपने साथी जवान को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण भावुक हो उठे। वहीं पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

धनगवां निवासी 26 वर्षीय विनीत विश्वकर्मा वर्ष 2018 से उत्तराखंड के देहरादून में भारतीय सेना में चालक के पद पर सेवाएं दे रहे थे। दोस्त के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उन्होंने चार दिन का अवकाश लिया था। सोमवार अनूपपुर पहुंचे जहां स्टेशन पर उन्हें लेने बड़े भाई दीनबंधु विश्वकर्मा, दोस्त राजू तिवारी और वाहन मालिक मोहम्मद करीम पहुंचे थे। सभी जीप से गांव के लिए निकले, लेकिन छुलहा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में विनीत, उनके बड़े भाई दीनबंधु और वाहन मालिक मोहम्मद करीम की जान चली गई, जबकि राजू तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार मेडिकल कॉलेज शहडोल में चल रहा है।

जबलपुर की ग्रेनेडियर रेजिमेंट से सूबेदार प्रमोद सिंह के नेतृत्व में 16 जवानों की टुकड़ी सेना के ट्रक से जैतहरी पहुंची। जवानों ने विनीत के घर पर तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद नगर और गांव में अंतिम यात्रा निकाली गई। सेना के जवान विनीत और उनके बड़े भाई दीनबंधु को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और ग्रामीण पहुंचे। सैन्य टुकड़ी ने पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी देकर अपने साथी को विदा किया। रास्ते में लोग सड़कों और गलियों में खड़े रहे और पुष्प वर्षा कर विनीत को विदाई दी। मुख्य मार्ग और जैतहरी नगर में ‘शहीद वीर विनीत अमर रहें’ के नारे लगे। दोपहर पार्थिव शरीर धनगवां लाया गया। वहां उनके खेत में अंतिम संस्कार किया गया। जवानों ने रायफल झुकाकर सलामी दी। बड़े भाई सोनू विश्वकर्मा ने मुखाग्नि दी। धनगवां और आसपास के गांवों के लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। जैतहरी थाना पुलिस मौके पर व्यवस्था संभाल रही थी।

इस दौरान जनप्रतिनिधि वाल्मिक राठौर, जैतहरी पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सहित क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे। हालांकि, अंतिम विदाई के इस अवसर पर जिले के किसी प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी नहीं दिखाई दी। जिस घर में दोस्त की शादी में शामिल होने की तैयारियां थीं, वहां दो भाइयों की मौत से मातम पसरा हुआ है। सैन्य सम्मान के साथ तिरंगे में लिपटे जवान की अंतिम विदाई ने हर किसी को भावुक कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *