Wednesday, November 25खबर जो असर करे |
Shadow

सांकरा बनेगा सौर ऊर्जा आधारित गांव, 1.27 करोड़ से विकसित होंगी सामुदायिक सुविधाएं

धमतरी, 24 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। जिले के विकासखंड में स्थित ग्राम सांकरा को अब सौर ऊर्जा से संचालित गांव बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। जिला प्रशासन ने इस परियोजना के लिए १.२७ करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है, जिस राशि से ग्राम की कई सार्वजनिक सुविधाओं को सौर ऊर्जा से चलाने का काम किया जाएगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्राम पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारी और ग्रामीणों के साथ बैठक कर योजना का विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्राम सांकरा विकास कार्यों में हमेशा सक्रिय और अग्रणी रहा है और डिजिटल टैक्स कलेक्शन के क्षेत्र में भी गांव ने प्रथम स्थान हासिल किया है। बैठक में यह तय हुआ कि स्वीकृत राशि से आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विश्राम गृह, बस स्टैंड और पेयजल व्यवस्था जैसी सार्वजनिक सुविधाओं को सौर ऊर्जा उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपने घरों में भी सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की। बैठक के दौरान उन्होंने योजना की जानकारी साझा की और घरों में सोलर संयंत्र लगवाने में आ रही समस्याओं के बारे में ग्रामीणों से पूछा। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निवारण करने और योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, एसडीएम मनोज मरकाम, जनपद पंचायत नगरी के सीईओ विमल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इस बैठक से यह स्पष्ट हुआ कि सांकरा को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित गांव बनाने के लिए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *