
बैतूल, 24 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने मंगलवार को प्रवास के दौरान जिला पंचायत परिसर स्थित शासकीय सीनियर अनुसूचित जाति छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोई कक्ष की जाँच कर भोजन की गुणवत्ता परखी तथा छात्रों से मिलकर उनके दिनचर्या, पढ़ाई, स्वास्थ्य और आवासीय सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. जाटव ने छात्रावास अधीक्षकों से आवक‑जावक रजिस्टर, अभिभावक पंजीकरण एवं संवाद संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। उन्होंने अभिभावक रजिस्टर में दर्ज मोबाइल नंबरों पर सीधे फोन कर माता‑पिता से फीडबैक लिया। इस दौरान अभिभावक श्री अजय पगारे ने छात्रावास की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संतुष्टि व्यक्त की।
सभी छात्रों से छात्रवृत्ति मिलने की पुष्टि ली गई। कंबल, पलंग, चिकित्सा शिविर, ब्लड टेस्ट एवं स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। पानी की गुणवत्ता परखने हेतु टंकी का निरीक्षण कर नमूना भी लिया गया। उन्होंने छात्रावास में सैनिटरी पैड, वाटर आरओ एवं गीजर न होने पर असंतोष जताया और सुधार के निर्देश दिए।
डॉ. जाटव ने विद्यार्थियों के भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए मध्य प्रदेश शासन के तहत जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मोबाइल नंबर भी साझा कर किसी भी समस्या के लिए सीधे संपर्क करने को कहा।
उन्होंने सुबह‑शाम के भोजन व्यवस्था, विशेष भोजन और लाइब्रेरी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के केंद्र बनाने के निर्देश भी दिए। गेस्ट रूम निर्माण एवं बैठकों के लिए सुविधाओं की भी व्यवस्था करने के सुझाव दिए। निरीक्षण के अंत में विद्यार्थियों से समूह चित्र भी खिंचवाया।
इस दौरान अपर कलेक्टर गोपाल सिंह वर्मा, एसडीएम डॉ अभिजीत सिंह, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, सीएमओ नवनीत पांडे तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
