Wednesday, November 25खबर जो असर करे |
Shadow

सुलतानपुर : आआपा सांसद संजय सिंह समेत 12 आरोपियों को अदालत ने किया दोषमुक्त

सुलतानपुर, 24 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में आआपा के राज्यसभा सांसद तथा वरिष्ठ नेता संजय सिंह को विशेष एमपी-एमएलए अदालत से बड़ी राहत मिली है। 2021 के पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता और कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन से जुड़े एक मुकदमे में, अदालत ने मंगलवार को संजय सिंह सहित सभी जीवित 12 आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त करार दिया। फैसले के दौरान सांसद संजय सिंह स्वयं भी न्यायालय में उपस्थित थे।

मामले की शुरुआत 13 अप्रैल 2021 को हुई थी। आरोप था कि संजय सिंह ने बंधनाकला थाना क्षेत्र के हसनपुर गाँव में जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति के चुनावी सभा आयोजित की थी। इस घटना को लेकर तत्कालीन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव की तहरीर पर संजय सिंह सहित कुल 13 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। सुनवाई के दौरान एक आरोपित की मृत्यु हो गई, जिसके बाद शेष 12 आरोपियों की सुनवाई जारी रही।

18 नवंबर को अभियोजन पक्ष के चार गवाहों के बयान दर्ज किए गए और इसके पश्चात दोनों पक्षों ने अंतिम बहस समाप्त की। बचाव पक्ष के अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह मदन ने अपने तर्क प्रस्तुत किए, जबकि अभियोजन पक्ष के विशेष लोक अभियोजक वैभव पांडेय ने अपना पक्ष रखा। विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद सभी 12 जीवित आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। लगभग पाँच वर्ष पुराना यह मुकदमा समाप्त होने पर स्थानीय लोग अदालत के निर्णय से खुशी व्यक्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *