Wednesday, November 25खबर जो असर करे |
Shadow

शाहजहांपुर में हत्या की साजिश: सिर काटकर गंगा में फेंका, तीन गिरफ्तार

शाहजहांपुर, 24 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र में सूखे कुएं में मिले सिर विहीन शव के मामले पर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, खुद को मृत दिखाकर पुराने मुकदमों से बचने और दूसरों को हत्या के मामले में फंसाने की साजिश के तहत विनोद उर्फ बाबा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दृष्टिबाधित राजपाल की हत्या कर दी। आरोपितों ने गड़ासे से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और सिर को गंगा नदी में फेंक दिया, जबकि धड़ सूखे कुएं में डाल दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात भंवरे दीक्षा अरुण ने मंगलवार को बताया कि 17 नवंबर को कलान क्षेत्र के ग्राम सिउड़ी के पास एक सूखे कुएं में अज्ञात व्यक्ति का सिर विहीन शव मिला था। शव के पास मिले आधार कार्ड और अन्य सामान के आधार पर उसकी पहचान विनोद कुमार पुत्र राजाराम के रूप में की गई थी। विनोद की पत्नी पूजा ने गांव के नौ लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कलान थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

मामले की जांच के दौरान भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस के सामने अलग ही कहानी आई। एएसपी ने बताया कि विनोद उर्फ बाबा ने अपने परिजनों के साथ मिलकर खुद को मृत दिखाने की साजिश रची थी। इसके लिए उसने अपने साथ रह रहे दृष्टिबाधित राजपाल निवासी ऐठापुर, थाना निगोही को तंत्र-मंत्र के बहाने अपने प्रभाव में लिया और बदायूं जिले के दो साथियों विकास तथा ओमपाल के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद राजपाल का सिर गंगा नदी में फेंक दिया और धड़ को कुएं में डाल दिया।

आरोपित नेपाल भागने की फिराक में थे लेकिन उसे पहले ही पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार की देर रात आंधीदेई के आगे नौसना मड़ैया के पास से विनोद उर्फ बाबा तथा जनपद बदायूं निवासी विकास और ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक गड़ासा, ईंट का आधा टुकड़ा, एक घड़ी, ब्लूटूथ, विकलांगता कार्ड, 3002 रुपये नकद, 15 सिक्के और वारदात में प्रयुक्त हुंडई ऑरा कार बरामद की गई है।

पुलिस ने विवेचना के दौरान पहले नामजद नौ व्यक्तियों के नाम मुकदमे से हटाए हैं, जबकि विनोद की पत्नी, मां और अन्य परिजनों समेत सात लोगों के नाम साजिश में संलिप्तता के संबंध में विवेचना में प्रकाश में आए हैं। पुलिस ने मामले में साजिश से संबंधित धारा 61(2) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपित विनोद उर्फ बाबा के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है और न्यायालय द्वारा वारंट भी जारी किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *