भोपाल। कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय सिंह (Ajay Singh) ने दावा किया है कि 2020 में मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में कांग्रेस सरकार (Congress Government) गिरने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamal Nath) और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) दोनों बराबर के जिम्मेदार थे। एक इंटरव्यू के दौरान अजय सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत के लिए दिग्विजय सिंह की ओर से केवल कमलनाथ को दोष देना गलत है क्योंकि तब सत्ता का केंद्र दोनों ही नेता थे।
15 साल बाद बनी थी सरकार
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मामूली अंतर से बहुमत हासिल कर सत्ता पाया था। ऐसा 15 साल के लंबे इंतजार के बाद हुआ था। कांग्रेस ने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को मुख्यमंत्री बना दिया था। इसके 15 महीने बाद ही ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बगावत कर दी थी। इतना ही नहीं उनके साथ समर्थन कर रहे 22 विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। इससे कांग्रेस सरकार गिर गई थी।
कमलनाथ और दिग्विजय चाहते तो…
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह उर्फ राहुल भैया से जब इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बहुत सारी बातें हैं, रहने दीजिए। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह चाहते तो सरकार पर छाए संकट के बादल को दूर कर सकते थे क्योंकि सवाल एक पद का ही तो था। सिंधिया जी पद ही तो चाह रहे थे… आप मुख्यमंत्री हो तो प्रदेश अध्यक्ष मैं बन जाऊं लेकिन कमलनाथ कहा कि मैं दोनों पद रखूंगा। कमलनाथ ने सार्वजनिक तौर पर सड़क पर देख लेने की बात कह दी।
बयानों के चले तीन और बिगड़ गया मामला
इसके बाद सिंधिया ने जारी तल्खी के बीच कहा था कि घोषणा पत्र में किए गए वादे पूरे नहीं करने पर वह अपनी ही सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर जाएंगे। वहीं जवाब में कमलनाथ ने कह दिया था कि तो उतर जाएं सड़क पर… इससे मामला और बिगड़ गया। दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच ऐसी बातें नहीं होनी चाहिए थी। सात बार के विधायक अजय सिंह ने कहा कि दिग्विजय सिंह एक परिपक्व नेता हैं। उनको परिस्थितियों को संभालना चाहिए था।
…तो शायद नहीं गिरती सरकार
अजय सिंह ने आगे कहा कि आज यह कहना कि फलां की वजह से चली गई, उचित नहीं है। तब कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ही सरकार चला रहे थे। इसको पूरा एमपी जानता था। ऐसे में सरकार गिरने की जिम्मेदारी दोनों पर आती है। बता दें कि साल 2025 में दिग्विजय सिंह ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि यदि कमलनाथ ने सिंधिया की बात मान ली होती तो शायद फिर कांग्रेस सरकार नहीं गिरती।
