गुना। सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा (True Eternal Dignity Journey) लेकर उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा कर रहे दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री (Dhirendra Shastri) पर बड़ा बयान दिया है. साथ ही उन्होंने यूपी के कुंडा से बाहुबली विधायक राजा भैया (Raja Bhaiya) पर भी कटाक्ष किया है. दिग्विजय सिंह ने कहा कि बागेश्वर महाराज राजा भैया के घर भी रामकथा कहने के लिए गए हुए हैं, लेकिन जिन-जिन नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री से रामकथा कराई वे सभी नेता चुनाव हारे हैं।
दिग्विजय सिंह जब बयान दे रहे थे, उस दौरान उनकी पत्नी अमृता सिंह ने उन्हें बीच में टोकने की कोशिश की. लेकिन दिग्विजय सिंह नहीं रुके. दिग्विजय सिंह ने कहा कि BJP जितनी भी राम कथा कराए कांग्रेस के लिए उतना हितकारी होगा।
दिग्विजय सिंह ने गीतकार व पटकथा लेखक जावेद अख्तर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने राम को लेकर जो बयान दिया, मैं उसका भरपूर समर्थन करता हूं. यही सनातन धर्म है, जिसके लिए हम यात्रा निकाल रहे हैं।
दिग्विजय सिंह के बयान से माहौल गर्म
बयान देने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये पत्रकारों के लिए हेडलाइन का काम करेगा. आपको बता दें कि उज्जैन से शुरू हुई दिग्विजय सिंह की पदयात्रा अब उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर चुकी है. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का माहौल है. ऐसे में दिग्विजय सिंह की बयानबाजी ने माहौल को गर्मा दिया है।
चुनाव से ठीक पहले यूपी के कुंडा विधायक राजा भैया द्वारा पंडित धीरेंद्र शास्त्री से रामकथा का आयोजन कराया गया. राजा भैया दिग्विजय सिंह के रिश्तेदार हैं और जयवर्धन सिंह के मामा ससुर हैं. लेकिन दिग्विजय सिंह को बखूबी पता है कि राजनीति में कोई रिश्तेदार नहीं होता।
रामकथा के माध्यम से समाजवादी पार्टी को घेरने की कोशिश की जा रही है, जो कांग्रेस की गठबंधन पार्टी है. इसलिए दिग्विजय सिंह ने कुंडा विधायक राजा भैया के ऊपर कटाक्ष करते हुए सवाल खड़े कर दिए।
