लखनऊ। मां और बेटे का रिश्ता ऐसा होता है, जो वक्त, दूरी और परिस्थितियों से कभी कमजोर नहीं पड़ता। बेटा चाहे कितनी भी ऊंचाई हासिल कर ले, मां के लिए वह हमेशा उसका बच्चा ही रहता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां सावित्री देवी के जीवन का ऐसा ही भावुक प्रसंग मां के निधन के बाद फिर चर्चा में है। यह घटना उस समय की है, जब संन्यास ग्रहण करने के बाद योगी पहली बार अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे।
वर्ष 1993 में घर छोड़कर गोरखपुर पहुंचे अजय सिंह बिष्ट ने 14 जनवरी 1994 को संन्यास दीक्षा ग्रहण कर योगी आदित्यनाथ का नाम धारण किया था। इसके करीब चार साल बाद जब वह संन्यासी के रूप में अपने गांव लौटे, तो उनका उद्देश्य परिवार के साथ समय बिताना नहीं, बल्कि संन्यास परंपरा के एक महत्वपूर्ण विधान को पूरा करना था। उन्हें अपने माता-पिता से संन्यासी के रूप में भिक्षा ग्रहण करनी थी।
जब मां ने संन्यासी बेटे को भिक्षा दी
पंचूर स्थित घर के आंगन में जब संन्यासी बेटे के सामने मां सावित्री देवी आईं, तो भावनाएं उमड़ पड़ीं। मां ने भिक्षा के रूप में चावल, फल और सिक्के दिए। बेटे को भिक्षा देते समय उनकी आंखों से आंसू छलक उठे। मां का मन अपने बेटे को फिर से दूर भेजने के लिए तैयार नहीं था। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की और वापस न जाने की गुहार लगाई।
एक तरफ मां की ममता बेटे को अपने पास रोक लेना चाहती थी, तो दूसरी तरफ संन्यासी बेटे का जीवन अपने संकल्प और परंपरा से बंधा था। इसी भावुक क्षण में योगी आदित्यनाथ ने मां से कहा था, ‘मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा लेने आया हूं।’
उनके ये शब्द संन्यास जीवन के संकल्प को तो दर्शाते थे, लेकिन मां के लिए बेटे को विदा करना कितना कठिन था, यह उस पल की भावनाओं में साफ झलक रहा था।
ममता और संन्यास के संकल्प के बीच ठहर गया था पल
उस दिन सावित्री देवी ने अपने बेटे को भिक्षा देकर संन्यास परंपरा का निर्वहन किया, लेकिन मां का मन उसे विदा करने के लिए तैयार नहीं था। बेटे के संन्यासी जीवन के फैसले का सम्मान करते हुए उन्होंने उसे आशीर्वाद दिया।
मां सावित्री देवी के निधन के बाद पंचूर गांव में इस प्रसंग को याद कर लोग भावुक हो रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, सावित्री देवी ने हमेशा अपने बेटे को स्नेह और आशीर्वाद दिया तथा उसके संन्यासी जीवन के फैसले का सम्मान किया। मां-बेटे के बीच उस दिन आंगन में हुआ संवाद आज भी उनके रिश्ते की गहराई और त्याग की एक मार्मिक तस्वीर के रूप में याद किया जा रहा है।
