
गर्व है एथलीट तरुण शर्मा ने शारजाह में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। अहमदाबाद, 21 नवंबर (हि.स.) — बचपन में पूर्ण पक्षाघात से ग्रस्त तरुण ने संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की ‘गर्व है’ पहल से जुड़े पैरा कराटे खिलाड़ी ने संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में बुडोकान कराटे कप अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में 15 नवंबर को क-21 श्रेणी में यह उपलब्धि हासिल की। इस चैंपियनशिप में 28 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लिया।
छह वर्ष की उम्र में तरुण पूरी तरह पक्षाघात से ग्रस्त हो गए थे, तब वह न तो बैठ सकते थे और न ही चल या खा सकते थे। आज 35 वर्ष के वे विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं और एशियाई, राष्ट्रमंडल तथा राष्ट्रीय रैंकिंग में उनका पहला स्थान है। 2019 में विश्व कराटे चैंपियनशिप में कांस्य, 2022 में एशियाई पैरा कराटे चैंपियनशिप में रजत, 2023 में कांस्य और 2024 में राष्ट्रमंडल कराटे चैंपियनशिप में दो स्वर्ण जीत कर उनका अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड शानदार रहा है। 2025 में एशियाई पैरा कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2026 में रजत भी उनके नाम हुआ। इस वर्ष उन्होंने राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप और पंजाब राज्य तथा कियॉ राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भी स्वर्ण जीते।
तरुण ने बताया, ‘गर्व है’ जर्सी में शारजाह में स्वर्ण जीतना उनके लिए खास पल है। बचपन में कराटे ने उन्हें नई ज़िंदगी दी और अब वे चाहते हैं कि अन्य बच्चे भी इस खेल के माध्यम से आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त करें। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के सहयोग से प्रतियोगिताओं के आने-जाने और आवश्यक खेल उपकरण जुटाने की चुनौतियाँ कम हुईं, जिससे उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली।
पंजाब के रहने वाले तरुण अपनी उपलब्धियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। वे लुधियाना में 1400 से अधिक वंचित लड़कियों को निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिसका उद्देश्य लड़कियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपनी सुरक्षा करने के लिए सक्षम बनाना है। तरुण अब ऐसी कराटे अकादमी स्थापित करना चाहते हैं जहाँ आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों की परवाह किए बिना बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके। उनका मानना है कि किसी भी बच्चे की परिस्थितियाँ उसकी प्रतिभा और सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए।
