
सूरजपुर, 21 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। जिला प्रशासन ने सूरजपुर में स्थानीय प्रतिभा और अनुभवी नागरिकों के हुनर को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से कौशल दान अभियान की शुरुआत की। यह पहल कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में लागू हुई है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, प्रौद्योगिकी और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ स्वयंसेवकों के रूप में अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
अभियान के अंतर्गत शिक्षण, संगीत, नृत्य, खेल, जिम एवं फिटनेस, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, कला, तकनीकी कार्य, कृषि और व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में दक्ष नागरिक अपने रुचि और उपलब्ध समय के अनुसार इच्छुक लोगों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इस तरह स्थानीय प्रतिभा का उपयोग सामुदायिक विकास में किया जाएगा और युवाओं को अनुभवी लोगों से सीधे सीखने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि प्रत्येक व्यक्ति के पास कोई न कोई खास हुनर या अनुभव होता है, जिसे साझा करके दूसरों को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है। इस विचार को जनभागीदारी के साथ जोड़ने के लिए कौशल दान अभियान की शुरुआत की गई है।
अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान प्रणाली भी लागू की गई है। प्रत्येक माह एक को महीने का स्वयंसेवक का खिताब दिया जाएगा, और उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन की ओर से विशेष सम्मान दिया जाएगा।
इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से स्वयंसेवक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं; पंजीकरण प्रक्रिया दो मिनट में पूरी हो जाती है। इस लिंक के जरिए पंजीकरण किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी शिक्षकों, कलाकारों, खिलाड़ियों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों, किसानों और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों से इस अभियान में जुड़कर अपने ज्ञान और हुनर को समाज के लाभ के लिए साझा करने की अपील की है।
