
सूरजपुर, 21 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। कौशल दान अभियान की शुरुआत के साथ जिले में नागरिकों को अपनी प्रतिभा समाज के हित में लगाने का मौका मिला। इस पहल को कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में शुरू किया गया है और इसका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, तकनीक और कृषि समेत कई क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों को स्वयंसेवक के रूप में सेवा करने का मंच प्रदान करना है। अभियान के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति अपनी रुचि, उपलब्ध समय और विशेषज्ञता के अनुसार अन्य लोगों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया सरल है और इसे लगभग दो मिनट में पूरा किया जा सकता है। नागरिक इस लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
अभियान का दायरा सूरजपुर के भीतर शिक्षण, संगीत, नृत्य, खेल, जिम एवं फिटनेस, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, कला, तकनीकी कार्य, कृषि और व्यवसाय जैसे कई क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले लोगों को जोड़ने का है। जिला प्रशासन का मानना है कि हर व्यक्ति के पास कोई न कोई ऐसा हुनर या अनुभव होता है जिसे साझा कर दूसरों को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है। इस सोच को जनभागीदारी से जोड़ते हुए, विशेष रूप से युवाओं और नए कौशल सीखने के इच्छुक लोगों को अपने क्षेत्र के अनुभवी व्यक्तियों से सीधे सीखने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवक को सम्मानित करने की व्यवस्था भी की गई है। हर महीने एक स्वयंसेवक को “महीने का स्वयंसेवक” सम्मान दिया जायेगा, तथा उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जायेगा।
अभियान से जुड़ने के इच्छुक नागरिकों को शिक्षकों, कलाकारों, खिलाड़ियों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों, कृषकों और अन्य क्षेत्रों में दक्ष लोगों से जुड़कर अपना ज्ञान समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाने की अपील की गयी है।
