Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

सूरजपुर में ‘कौशल दान अभियान’ लॉन्च, अनुभवी नागरिकों को स्वयंसेवक बनाकर समाज को सशक्त बनाने का अवसर

सूरजपुर, 21 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। सूरजपुर जिले में स्थानीय प्रतिभाओं और अनुभवी नागरिकों के हुनर का लाभ समाज तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने ‘कौशल दान अभियान’ शुरू किया है। कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, तकनीक और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिक स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएँ दे सकेंगे। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से कौशल विकास को बढ़ावा देना और युवाओं को अनुभवी लोगों से सीखने का अवसर उपलब्ध कराना है।

इस कौशल दान अभियान से शिक्षण, संगीत, नृत्य, खेल, जिम एवं फिटनेस, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, कला, तकनीकी कार्य, कृषि और व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले नागरिक जुड़ सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति अपनी रुचि, उपलब्ध समय और विशेषज्ञता के अनुसार स्वेच्छा से दूसरों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दे सकेंगे। इससे जिले में उपलब्ध स्थानीय प्रतिभाओं और व्यावहारिक अनुभवों का उपयोग सामुदायिक विकास के लिए किया जा सकेगा।

जिला प्रशासन का मानना है कि हर व्यक्ति के पास कोई न कोई ऐसा हुनर या अनुभव होता है, जिसे साझा कर दूसरे लोगों को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है। कौशल दान अभियान के माध्यम से इसी सोच को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। खासकर युवाओं और नया कौशल सीखने की इच्छा रखने वाले लोगों को अपने क्षेत्र के अनुभवी व्यक्तियों से सीधे सीखने का अवसर मिलेगा।

अभियान में बेहतर योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान की व्यवस्था भी की गई है। इसके तहत प्रतिमाह उत्कृष्ट योगदान देने वाले एक स्वयंसेवक को ‘महीने का स्वयंसेवक’ सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा उल्लेखनीय सेवाएँ देने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

अभियान से जुड़ने के इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पंजीयन कर स्वयंसेवक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन के अनुसार, पंजीयन प्रक्रिया सरल रखी गई है और इसे लगभग दो मिनट में पूरा किया जा सकता है। इच्छुक नागरिक इस लिंक के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने शिक्षकों, कलाकारों, खिलाड़ियों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों, कृषकों और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों से अभियान से जुड़कर अपने ज्ञान और हुनर का लाभ समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *