Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

सूरजपुर में कौशल दान अभियान: अनुभवी नागरिकों से सीखने का नया अवसर

सूरजपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले की प्रशासनिक टीम ने कौशल दान अभियान की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं और अनुभवी नागरिकों के हुनर को समाज तक पहुँचाना है। इस पहल के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, तकनीक, कृषि और व्यवसाय जैसे विविध क्षेत्रों में दक्ष नागरिक स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएँ देने का अवसर प्राप्त करेंगे।

कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना युवाओं को अनुभवी लोगों से सीधे सीखने का मंच उपलब्ध कराती है। कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षण, संगीत, नृत्य, खेल, जिम एवं फिटनेस, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, कला, तकनीकी कार्य, कृषि और व्यवसाय क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले नागरिक जुड़ सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति अपनी रुचि, उपलब्ध समय और विशेषज्ञता के अनुसार स्वेच्छा से दूसरों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दे सकेंगे।

जिला प्रशासन का मानना है कि हर व्यक्ति के पास ऐसा हुनर या अनुभव है जिसे साझा करके अन्य लोगों की उन्नति में मदद मिल सकती है। कौशल दान अभियान के माध्यम से इस सोच को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। खासकर युवाओं और नए कौशल सीखने के इच्छुक लोगों को अपने क्षेत्र के अनुभवी व्यक्तियों से सीधे सीखने का अवसर मिलेगा।

अभियान में बेहतर योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान की व्यवस्था भी की गई है। प्रतिमाह उत्कृष्ट योगदान देने वाले एक स्वयंसेवक को महीने का स्वयंसेवक सम्मान दिया जाएगा। उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

जुड़ने के इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पंजीयन कर स्वयंसेवक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज कर सकते हैं। पंजीयन प्रक्रिया सरल रखी गई है और इसे लगभग दो मिनट में पूरा किया जा सकता है। इच्छुक नागरिक इस लिंक के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने शिक्षकों, कलाकारों, खिलाड़ियों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों, कृषकों और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों से अभियान में शामिल होकर अपने ज्ञान और हुनर को समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *