Sunday, November 22खबर जो असर करे |
Shadow

संविधान सिर्फ कानूनी दस्तावेज नहीं, गणराज्य का नैतिक मार्गदर्शकः राधाकृष्णन

नई दिल्ली, 20 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में बेनेट विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ द्वारा आयोजित पांचवें संविधान वीक 2026 के उद्घाटन पर कहा कि संविधान के मूल्यों को मजबूत करने के लिए नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी समान महत्व समझना होगा। उन्होंने ज़ोर दिया कि लोकतंत्र तभी सुदृढ़ होगा, जब संस्थाएँ जवाबदेह रहें, असहमति का सम्मान हो और नागरिक जिम्मेदारी के साथ अपने अधिकारों तथा कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने पुनः स्पष्ट किया कि संविधान सिर्फ कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के गणराज्य का नैतिक मार्गदर्शक है।

उपराष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, राधाकृष्णन ने कांस्टीट्यूशन क्लब में बेनेट विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ की ओर से आयोजित पाँचवें संविधान सप्ताह समारोह 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्य केवल संस्थाओं और कानूनी पुस्तकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें आम नागरिकों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।

उन्होंने बताया कि लगभग 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है और गरीबों के लिए चार करोड़ पक्के मकान बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नल से जल की पहुँच 82 प्रतिशत से अधिक हो गई है। कभी विकास की दौड़ में पीछे रहने वाले सीमावर्ती गांव अब जीवंत गांवों के रूप में उभर रहे हैं। उपराष्ट्रपति ने इन उपलब्धियों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आये बदलाव से जोड़ा।

महिला सशक्तीकरण के संदर्भ में, उपराष्ट्रपति ने संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों के योगदान को याद किया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाएँ अब केवल विकास की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास का नेतृत्व करने वाली सक्रिय भागीदार बन रही हैं।

उपराष्ट्रपति ने अनुच्छेद 21 का उल्लेख करते हुए कहा कि समय के साथ इसके दायरे में गरिमा, आजीविका, स्वास्थ्य, आवास, निजता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे अधिकार शामिल हुए हैं। उन्होंने विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने की ज़रूरत बताई। प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए होना चाहिए, लेकिन भविष्य की पीढ़ियों के लिए उनकी उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने अनावश्यक उपभोक्तावाद से बचने और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल मानवता की सेवा के लिए होना चाहिए और उसका मार्गदर्शन संवैधानिक मूल्यों के आधार पर होना चाहिए। नवाचार से नागरिकों को सशक्त बनाने, पारदर्शिता बढ़ाने और अवसरों तक पहुँच आसान करने में मदद मिलनी चाहिए।

इस अवसर पर केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी, बेनेट विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और टाइम्स समूह के प्रबंध निदेशक विनीत जैन तथा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राज सिंह सहित अन्य प्रमुख व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *