Sunday, November 22खबर जो असर करे |
Shadow

शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में भारत की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू एच5एन1 वैक्सीन का लोकार्पण किया

भोपाल, 20 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को यह घोषणा की कि भारत ने पशु रोग नियंत्रण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। देश में पहली बार बर्ड फ्लू के खतरनाक एच5एन1 संक्रमण से मुर्गियों को बचाने के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित की गई है। मंत्री ने इस वैक्सीन का लोकार्पण भोपाल में किया और इसे देश को समर्पित किया।

यह वैक्सीन भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (आईसीएआर-एनआईएचएसएडी) के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा मंत्री विश्वास सारंग, क्षेत्रीय सांसद आलोक शर्मा तथा अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने इसे भारत के पशु स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणा से विकसित इस वैक्सीन को “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को मजबूती देने वाला कदम माना। यह निष्क्रिय (इनएक्टिवेटेड) वैक्सीन विशेष रूप से मुर्गियों में एच5एन1 के क्लेड 2.3.2.1ए स्वरूप से सुरक्षा देने के लिए तैयार की गई है। अब तक इस स्वरूप के लिए कोई व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं था, जिससे यह प्रयास विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

भारत में 2006 से बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज हुए हैं, जिनमें संक्रमित पक्षियों में मृत्यु दर 100 % तक पहुँच सकती है। यह प्रकोप अंडे, चिकन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी असर डालता है, और अनुमान है कि बड़े प्रकोप से देश की GDP वृद्धि में 1.5 % तक की कमी आ सकती है।

मानव स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी एच5एन1 वायरस गंभीर माना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार, 2003 से अब तक 25 देशों में 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 की मृत्यु हुई है। इसलिए मुर्गियों में संक्रमण नियंत्रित करना मानव तक इसके प्रसार के जोखिम को कम करने के लिये भी आवश्यक है।

इस उपलब्धि से भारत में बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिये स्वदेशी तकनीक विकसित करने का रास्ता मजबूत हुआ है। कार्यक्रम में वैक्सीन की तकनीक के हस्तांतरण की प्रक्रिया भी शामिल रही, जिससे इसके उपयोग और उत्पादन को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *