
नई दिल्ली, 20 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज शुक्रवार को नई दिल्ली में फिक्की (भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ) के खेल कारोबार पर वैश्विक शिखर सम्मेलन टर्फ के 16वें संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री मांडविया ने कहा, “खेल युवाओं के विकास, सामाजिक समावेशन, आर्थिक अवसरों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरे हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने खेलों को राष्ट्र निर्माण के अपने एजेंडे के केंद्र में रखा है। हमारा दृष्टिकोण एक स्पष्ट सोच से प्रेरित है— मैदान से पदक मंच तक हर उभरते खिलाड़ी के लिए अवसर तैयार करना।”
शिखर सम्मेलन का विषय था “भारत की खेल अर्थव्यवस्था को गति देना : साझेदारी, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व”, जिसमें पिछले 12 वर्षों में भारत के खेल तंत्र में आए बदलावों पर प्रकाश डाला गया। मांडविया ने बताया कि “खेलो इंडिया मिशन, फिट इंडिया आंदोलन और टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना जैसी पहलों के माध्यम से हम जमीनी स्तर पर खेलों में भागीदारी बढ़ा रहे हैं, खेल प्रतिभाओं की पहचान कर रहे हैं और उच्च प्रदर्शन वाले खेलों तक पहुंचने के रास्ते तैयार कर रहे हैं।”
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नई खेलो इंडिया योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले पांच वर्षों के लिए 36,441 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, प्रतिभाओं को निखारना और देशभर में खेलों के विकास को बढ़ावा देना है। मांडविया ने बताया कि “एशियाई खेल 2026 में भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।” उन्होंने आगे कहा, “आशियाई पैरा खेल 2026 में भी भारत का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा, जहां हमारे पैरा खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड 114 पदक जीते। यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।”
खेल क्षेत्र में उद्योग जगत की भूमिका पर बल देते हुए मंत्री मांडविया ने कहा, “हम मानते हैं कि खेलों का भविष्य केवल खिलाड़ियों और खेल संस्थानों से ही नहीं, बल्कि एक मजबूत, प्रतिस्पर्धी और नवाचार से प्रेरित खेल उद्योग से भी तय होगा।” सरकार ने खेलो इंडिया खेल सामग्री विनिर्माण योजना को मंजूरी दी है, जिसमें 1,856.67 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, ताकि भारत को खेल सामग्री के निर्माण और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाया जा सके।
मांडविया ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत 2030 में अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और उसी शहर में 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की उम्मीद भी रख रहा है। “केवल पिछले 18 महीनों में ही भारत ने 18 शहरों में 40 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की सफलतापूर्वक मेजबानी की है। यह न केवल हमारे खेल बुनियादी ढांचे की मजबूती बल्कि आयोजन क्षमता में लगातार हो रही वृद्धि को भी दर्शाता है,” मंत्री ने बताया। उन्होंने उद्योग जगत के दिग्गजों से दीर्घकालिक रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया और कहा, “खेल बुनियादी ढांचे, उच्च प्रदर्शन वाली अकादमियों, खेल विज्ञान केंद्रों, खेल प्रौद्योगिकी और खिलाड़ी प्रबंधन प्रणालियों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। निजी निवेश हमारे खेल तंत्र में अधिक दक्षता, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय स्तर की बेहतर कार्यप्रणालियां ला सकता है।”
मांडविया ने अंत में कहा, “हमारा दृष्टिकोण भारत को खेल राष्ट्र से वैश्विक खेल अर्थव्यवस्था में बदलना है। वर्ष 2047 तक विकसित देश बनने की दिशा में आगे बढ़ते हुए इस यात्रा में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आइए, हम मिलकर भारत में निर्माण करें, भारत में खेलें और भारत के साथ आगे बढ़ें।” उद्घाटन सत्र में फिक्की खेल समिति के अध्यक्ष एवं जीएमआर समूह के रणनीतिक सलाहकार पी.के.एस.वी. सागर, फिक्की खेल समिति के सह‑अध्यक्ष एवं अडानी स्पोर्ट्सलाइन के मुख्य कारोबार अधिकारी संजय अडेसरा
