Friday, November 20खबर जो असर करे |
Shadow

सूरजपुर में ‘कौशल दान अभियान’ की शुरुआत: कलेक्टर रेना जमील का निरीक्षण

सूरजपुर, 20 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। कौशल दान अभियान के तहत सूरजपुर जिले में स्थानीय प्रतिभाएँ और अनुभवी नागरिक अपनी क्षमताएँ समाज तक पहुँचाने के लिए तैयार हैं। यह पहल कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में शुरू की गई है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, तकनीक और कृषि जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

अभियान का उद्देश्य है कि नागरिक अपने ज्ञान और अनुभव को स्वेच्छा से साझा कर सकें। शिक्षा, संगीत, नृत्य, खेल, जिम एवं फिटनेस, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, कला, तकनीकी कार्य, कृषि और व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में कुशल व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। इच्छुक लोग अपनी रुचि, उपलब्ध समय और विशेषज्ञता के अनुसार दूसरों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दे सकते हैं। इससे जिले में उपलब्ध स्थानीय प्रतिभाओं और व्यावहारिक अनुभवों का उपयोग सामुदायिक विकास के लिये किया जा सकेगा।

जिला प्रशासन का मानना है कि हर व्यक्ति के पास कोई न कोई हुनर या अनुभव होता है, जिसे साझा कर दूसरों को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है। इस सोच को जनभागीदारी से जोड़कर युवाओं और नया कौशल सीखने के इच्छुक लोगों को सीधे अनुभवी व्यक्तियों से सीखने का मौका दिया जा रहा है।

अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने के लिये विशेष सम्मान की व्यवस्था भी है। प्रतिमाह एक स्वयंसेवक को महीने का स्वयंसेवक सम्मान दिया जायेगा, तथा उल्लेखनीय सेवाएँ देने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन द्वारा विशेष सम्मानित किया जायेगा।

जुड़ने के इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पंजीयन के माध्यम से स्वयंसेवक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन ने बताया कि पंजीयन प्रक्रिया सरल रखी गई है और इसे लगभग दो मिनट में पूरा किया जा सकता है। इच्छुक नागरिक इस लिंक के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।

जिला प्रशासन शिक्षकों, कलाकारों, खिलाड़ियों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों, कृषकों और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों से आग्रह करता है कि वे अभियान से जुड़कर अपने ज्ञान और हुनर को समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *