Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

हरिद्वार में भाजपा का महामंथन : 2027 की रणनीति तय, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाग लेंगे

हरिद्वार, 20 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक इस बार 21 और 22 नवंबर को श्री प्रेमनगर आश्रम में आयोजित होगी। पहले दिन, 21 नवंबर को, पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यसमिति की बैठकें होंगी, जबकि दूसरे दिन, 22 नवंबर को, मुख्य विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी।

इस बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह‑प्रभारी बांसुरी स्वराज के साथ ही मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, अन्य कैबिनेट मंत्री और प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। हरिद्वार को इस कार्यक्रम के लिये चुनना विशेष माना जा रहा है, क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में यहाँ भाजपा को बड़ा झटका लगा था। उस चुनाव में जिले की 11 में से 8 सीटों पर पार्टी हार गई और कुल 23 हार में से 8 सीटें अकेले हरिद्वार की थीं।

उस समय प्रदेश अध्यक्ष की कमान मदन कौशिक के पास थी, जो अब कैबिनेट मंत्री हैं। परिणामों के बाद कई प्रत्याशियों ने उनके कार्यों पर सवाल उठाए और विवाद उत्पन्न हुआ। अब वही हरिद्वार से पार्टी फिर से संगठन को मजबूत करने की पहल में जुटी है, ताकि कार्यकर्ताओं में नया जोश भरकर 2027 के चुनाव की तैयारी अभी से शुरू की जा सके।

इसी दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत भी तीन‑दिन की हरिद्वार यात्रा पर रहेंगे। वह विभिन्न स्थानों पर संवाद करेंगे और शांतिकुंज के कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस प्रकार अगले तीन दिनों में हरिद्वार में संघ और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का काम कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करना होगा।

बैठक में प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों के साथ ही हरिद्वार की 11 सीटों पर विशेष फोकस रहेगा। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का कहना है कि इस मंथन से 2027 में जीत का मार्ग स्पष्ट होगा। जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा के अनुसार, बैठक में चुनाव की तैयारी, रणनीति और संगठन की आगे की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *