Friday, November 20खबर जो असर करे |
Shadow

मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच भारत के क्रूड ऑयल इंपोर्ट में 11% की वृद्धि… LPG आयात में 1 लाख टन की कमी

नई दिल्ली। होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में दिक्कतें जारी हैं। अमेरिका-ईरान (US-Iran) में तनातनी है। मिडिल-ईस्ट (Middle East) अशांत है। दुनिया भर में एनर्जी सप्लाई में संकट। इनके बावजूद भारत (India) ने क्रूड ऑयल का इंपोर्ट (Crude Oil Import) बढ़ाया है। पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल के आंकड़ों के मुताबिक भारत का कच्चे तेल का आयात अक्टूबर में सालाना आधार पर करीब 11 प्रतिशत बढ़कर 2.331 करोड़ टन पर पहुंच गया। सितंबर के मुकाबले इसमें 4.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं एलपीजी अक्टूबर में 1 लाख टन कम आई। पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में देश ने 2.10 करोड़ टन कच्चे तेल का आयात किया था।


अक्टूबर में खपत बढ़कर 2.049 करोड़ टन पर पहुंची
अक्टूबर में त्योहारों के सीजन के चलते देश में ईंधन की खपत भी बढ़कर 2.049 करोड़ टन पर पहुंच गई। यह मार्च के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। सितंबर के मुकाबले ईंधन खपत में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।


रिलायंस ने बढ़ाया रूसी तेल का आयात
रूसी कच्चे तेल को लेकर ट्रंप की धमकियों, प्रतिबंधों के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अक्टूबर में रूस से कच्चे तेल का आयात सितंबर के मुकाबले 9.6 प्रतिशत बढ़ाकर 3,93,500 बैरल प्रतिदिन कर दिया। उद्योग और व्यापार से जुड़े सूत्रों के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने रूसी तेल की खरीद बढ़ाई है।


एलपीजी और फ्यूल ऑयल का आयात घटा
अक्टूबर में पेट्रोलियम उत्पादों का आयात सितंबर के मुकाबले 2.8 प्रतिशत घटकर 24.4 लाख टन रह गया। सालाना आधार पर इसमें करीब 41 प्रतिशत की गिरावट आई। एलपीजी का आयात सितंबर के 14 लाख टन से घटकर अक्टूबर में 13 लाख टन रह गया। वहीं, फ्यूल ऑयल का आयात सालाना आधार पर 87 प्रतिशत गिरकर महज 80 हजार टन रह गया। अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 6.2 लाख टन था।


पेट्रोल का एक्सपोर्ट 29 प्रतिशत घटा
कच्चे तेल को रिफाइन करने के मामले में भारत एक सुपर पावर है। यहां कच्चे तेल को रिफाइन करके पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम प्रोडक्ट बनाए जाते हैं। दुनिया के तमाम देशों में पेट्रोल-डीजल भारत से जाता है। दुनिया के कई बड़े देश भी भारत से फ्यूल खरीदते हैं। इस के बावजूद भारत से पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात अक्टूबर में सालाना आधार पर 4.7 प्रतिशत बढ़कर 53.6 लाख टन पहुंच गया। सितंबर में यह 52.3 लाख टन था। हालांकि, पेट्रोल का निर्यात सालाना आधार पर 29 प्रतिशत घटकर 9.7 लाख टन रह गया। इसके उलट डीजल का निर्यात मामूली 0.4 प्रतिशत बढ़कर 27.2 लाख टन रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *