Friday, November 20खबर जो असर करे |
Shadow

देवउठनी एकादशी….., आज योग निद्रा से बाहर आएंगे भगवान विष्णु… जानें पूजन विधि और शुभ मुहूर्त

नई दिल्ली। आज देवउठनी एकादशी (Devuthani Ekadashi 2026) है. देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु (Lord Vishnu) के जागृत होने की मान्यता है. कहते हैं कि इस दिन विष्णु जी योग निद्रा (Yog Nidra) से बाहर आते हैं और फिर चातुर्मास में बंद पड़े शुभ-मांगलिक कार्य पुन: चालू होते हैं. इसे देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है. मान्यता है कि भगवान विष्णु आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को योग निद्रा में चले जाते हैं. इसके बाद चार महीने तक देवशयन काल रहता है. कार्तिक शुक्ल एकादशी (Kartik Shukla Ekadashi) के दिन भगवान विष्णु निद्रा से जागते हैं।


हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 6 बजकर 35 मिनट से लेकर 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 12 मिनट तक रहेगी. उदया तिथि के आधार पर देवउठनी एकादशी का व्रत शुक्रवार, 20 नवंबर यानी आज रखा जा रहा है।


देवउठनी एकादशी 2026 के शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 से 5:54 बजे तक
अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:45 से दोपहर 12:28 बजे तक
विजय मुहूर्त: दोपहर 1:53 से 2:35 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:26 से 5:52 बजे तक
अमृत काल: रात 2:03 से 3:39 बजे तक (21 नवंबर)
निशिता मुहूर्त: रात 11:40 से 12:34 बजे तक (21 नवंबर)
रवि योग: पूरे दिन


देवउठनी एकादशी की पूजा विधि
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने की विशेष परंपरा है. इसके लिए घर में गन्ने का मंडप सजाया जाता है. इसके बाद सबसे पहले घर के आंगन या पूजा स्थल पर गन्ने का मंडप तैयार करें. मंडप के बीच में रंगोली या चौक बनाएं. इसके मध्य में भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित कर सकते हैं. चौक के पास भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाकर उन्हें कपड़े से ढक दें. भगवान को गन्ना, सिंघाड़ा, मौसमी फल और मिठाइयों का भोग लगाएं. पूजा स्थल पर घी का दीपक जलाएं. मान्यता है कि यह दीपक रातभर जलता रहना चाहिए।


अगले दिन सुबह भगवान विष्णु के चरण चिह्नों की पूजा करें और उन्हें स्पर्श करके जागरण की प्रार्थना करें. इस दौरान शंख और घंटियां बजाएं. भजन-कीर्तन करते हुए भगवान विष्णु को निद्रा से जागने का आह्वान करें. इसके बाद देवउठनी एकादशी की व्रत कथा सुनें और भगवान की आरती करें।


ये श्लोक पढ़कर भगवान को जगाएं
ब्रह्मेन्द्ररुदाग्नि कुबेर सूर्यसोमादिभिर्वन्दित वंदनीय।
बुध्यस्य देवेश जगन्निवास मंत्र प्रभावेण सुखेन देव।।
अर्थ- ब्रह्मा, इंद्र, रुद्र, अग्नि, कुबेर, सूर्य, सोम आदि से वंदनीय. हे जगन्निवास! देवताओं के स्वामी आप मंत्र के प्रभाव से सुखपूर्वक उठें.


उदितष्ठोतिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते,
त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत्सुप्तं भवेदिदम्।
उत्थिते चेष्टते सर्वमुत्तिष्ठोत्तिष्ठ माधव॥
अर्थ- हे जगत के स्वामी, निद्रा को त्याग कर जागिए यदि आप सोते रहे तो यह जगत भी सोता रहेगा.


देवउठनी एकादशी व्रत के नियम
देवउठनी एकादशी पर व्रत रखने वाले भक्तों को खान-पान और पूजा से जुड़े कुछ नियमों का पालन करना चाहिए. इस दिन अपनी सामर्थ्य के अनुसार निर्जल या फलाहार व्रत रखा जा सकता है. जो लोग निर्जल व्रत नहीं रख सकते, वे फल, दूध और अन्य जलीय पदार्थों का सेवन कर सकते हैं. बुजुर्ग, बीमार और बच्चों के लिए कठोर उपवास जरूरी नहीं है. वे अपनी क्षमता के अनुसार फलाहार कर सकते हैं. भगवान विष्णु या अपने आराध्य देव की विधि-विधान से पूजा करें. पूजा के दौरान ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है. व्रत के दौरान सात्विकता बनाए रखें और मन में अच्छे विचार रखें.


देवउठनी एकादशी पर क्या करें क्या न करें?
1. एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए. पूजा के लिए पत्ते पहले से तोड़कर रख सकते हैं.
2. तुलसी के पौधे को लाल चुनरी अर्पित करें और उसके पास घी का दीपक जलाएं.
3. एकादशी पर चावल खाने से परहेज करना चाहिए.
4. घर में किसी से विवाद न करें और क्रोध से बचें.
5. घर का वातावरण शांतिपूर्ण और सकारात्मक बनाए रखें.
6. भगवान विष्णु का स्मरण करें और जरूरतमंद लोगों की सहायता करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *