Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

भारत ने पहली स्वदेशी चिकन H5N1 वैक्सीन का लॉन्‍च किया

भारत, 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा की कि आईसीएआर-एनआईएचएसएडी, भोपाल, ने बर्ड फ्लू के लिए भारत की पहली स्वदेशी निष्क्रिय एच5एन1 वैक्सीन विकसित की है। परीक्षणों में 6 माह की सुरक्षात्मक प्रतिरक्षा और संपर्क में रखे पक्षियों में वायरस संचरण नहीं पाया गया। कल शुक्रवार को वे भोपाल में देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन एच5एन1 (क्लेड 2.3.2.1ए) राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

शिवराज सिंह ने बताया कि 2006 से अब तक एच5एन1 और एच5ए8 के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं, और अब तक इस वायरस के लिए कोई विशिष्ट वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। इस नई वैक्सीन से मुर्गियों को बर्ड फ्लू से सुरक्षा मिलेगी और पोल्ट्री किसानों के आर्थिक नुकसान को कम किया जा सकेगा।

बर्ड फ्लू के प्रकोप से संक्रमित पक्षियों में लगभग 100 प्रतिशत तक मृत्यु हो सकती है, जिससे बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारने और व्यापार पर प्रतिबंध लगने के कारण पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता था। इस बीमारी का प्रभाव केवल पोल्ट्री फार्मों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैश्विक व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है। 2006 में भारत में पहली बार इस बीमारी का पता चलने के बाद से 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप दर्ज किए गए हैं।

बर्ड फ्लू का एक बड़ा प्रकोप भारत की GDP वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक कम कर सकता है, और यदि बीमारी अनियंत्रित रूप से फैलती है तो 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी के प्रभावित होने और नष्ट होने का खतरा है। 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से अनुमानित 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, और मणिपुर में भी इसी प्रकोप के कारण राज्य की GDP के 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान हुआ था।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मृत्यु हुई है। इस नई वैक्सीन के साथ, पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करना और मुर्गियों से अन्य पशुओं तथा मनुष्यों में इस वायरस के प्रसार को रोकना संभव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *