Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

भारत की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन का भोपाल में लॉन्च

भोपाल, 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज घोषणा की कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR–NIHSA), भोपाल ने मुर्गियों के लिए भारत की पहली स्वदेशी निष्क्रिय H5N1 वैक्सीन विकसित की है। इस वैक्सीन के परीक्षणों में 6 माह की सुरक्षात्मक प्रतिरक्षा और संपर्क में रखे पक्षियों में वायरस संचरण न पाया गया। कल शुक्रवार को वे भोपाल में देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन H5N1 (क्लेड 2.3.2.1ए) राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि भारत ने बर्ड फ्लू से बचाव के लिए पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन तैयार की है। यह स्वदेशी H5N1 चिकन वैक्सीन भोपाल के ICAR–NIHSA में बनाई गई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर यह बताया कि यह वैक्सीन मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने में कारगर सिद्ध होगी। इससे भारत में बर्ड फ्लू नियंत्रण को मजबूती मिलेगी और पोल्ट्री किसानों को आर्थिक नुकसान कम होगा।

उन्होंने उल्लेख किया कि 2006 से अब तक भारत में H5N1 और H5A8 के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। H5N1 वायरस के खिलाफ अब तक कोई विशिष्ट वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ICAR–NIHSA ने इस चुनौती से निपटने के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है।

अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI), जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है, मुर्गियों और अन्य पक्षियों में गंभीर बीमारी उत्पन्न करता है, जिससे संक्रमित पक्षियों में लगभग 100 प्रतिशत तक मृत्यु हो सकती है। इसके प्रकोप से पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता था।

बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप भारत की GDP वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक घटा सकता है। यदि बीमारी अनियंत्रित रूप से फैलती है तो देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी प्रभावित होने की संभावना है। 2006 के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से अनुमानित 2,200–3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। मणिपुर में भी एक प्रकोप ने राज्य की GDP के 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान पहुँचाया।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मृत्यु हुई है। इस वायरस का क्लेड 2.3.2.1ए मुर्गियों में अधिकांश प्रकोपों का जिम्मेदार रहा है और हाल ही में यह अन्य पशु प्रजातियों और मनुष्यों में भी पाया गया है।

इस नई वैक्सीन के माध्यम से पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम किया जा सकेगा और मुर्गियों से अन्य पशुओं तथा मनुष्यों में वायरस के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक नियंत्रण संभव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *