By: power

Global-markets-India-ASEAN-export
वैश्विक बाजार, भारत की निर्यात शक्ति का विस्तार
डॉ. मयंक चतुर्वेदी
वैश्विक अर्थव्यवस्था में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच भारत ने अपने निर्यात के मोर्चे पर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। कहना होगा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में भारत के निर्यात ने प्रमुख मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) साझेदारों और दुनिया के बड़े व्यापारिक बाजारों में व्यापक विस्तार किया है।
दक्षिण-पूर्व एशिया से लेकर यूरोप और पूर्वी एशिया तक भारतीय उत्पादों की बढ़ती पहुंच का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसियान देशों को भारत का निर्यात 58 प्रतिशत उछलकर 28.06 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया। वहीं, दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार क्षेत्र (साफ्टा) के साझेदार देशों को निर्यात में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 15.29 अरब डॉलर हो गया। यूरोपीय संघ को भी भारत का निर्यात पांच प्रतिशत बढ़कर 38.79 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
भारत के निर्यात प्रदर्शन की सबसे श्रेष्ठ उपलब्धियों में सिंगापुर, मलेशिया, श्रीलंका, जापान, दक्षिण कोरिया और ओमान जैसे बाजारों में दर्ज दो अंकों की वृद्धि शामिल है। सिंगापुर को निर्यात 103 प्रतिशत बढ़कर 11.07 अरब डॉलर हो गया, जबकि मलेशिया में 83 प्रतिशत और श्रीलंका में 73 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। ओमान को निर्यात भी 47 प्रतिशत बढ़कर 3.29 अरब डॉलर तक पहुंच गया। ये आंकड़े संकेत देते हैं कि भारत अपने पारंपरिक व्यापारिक बाजारों के साथ नए और तेजी से विकसित हो रहे बाजारों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति बना रहा है।
आसियान बना भारतीय निर्यात का सबसे तेज बढ़ता क्षेत्र
भारत के निर्यात विस्तार में दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) सबसे महत्वपूर्ण विकास क्षेत्र के रूप में सामने आया है। वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-सितंबर अवधि में आसियान देशों को भारत का निर्यात 17.75 अरब डॉलर था, जो वित्त वर्ष 2026-27 की समान अवधि में 58 प्रतिशत बढ़कर 28.06 अरब डॉलर हो गया। इस वृद्धि में सिंगापुर और मलेशिया की विशेष भूमिका रही।
सिंगापुर को भारत का निर्यात 5.45 अरब डॉलर से बढ़कर 11.07 अरब डॉलर हो गया। इस तरह एक वर्ष में निर्यात दोगुने से भी अधिक बढ़ा। मलेशिया के बाजार में भी भारतीय उत्पादों की मांग में उल्लेखनीय तेजी रही। यहां निर्यात 3.05 अरब डॉलर से 83 प्रतिशत बढ़कर 5.58 अरब डॉलर तक पहुंच गया। वियतनाम को निर्यात 36 प्रतिशत बढ़कर 3.83 अरब डॉलर और इंडोनेशिया को 36 प्रतिशत बढ़कर 2.98 अरब डॉलर हो गया। थाईलैंड भी भारत के महत्वपूर्ण निर्यात गंतव्यों में शामिल रहा, जहां 2.65 अरब डॉलर का निर्यात दर्ज किया गया।
वस्तुत: आज आसियान देशों के साथ भारत के बढ़ते व्यापारिक संबंधों का महत्व इसलिए भी अधिक है, क्योंकि यह क्षेत्र वैश्विक विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा, समुद्री व्यापार और आपूर्ति शृंखलाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। इस बाजार में भारतीय निर्यात की बढ़ती ्सेदारी भविष्य में व्यापारिक सहयोग और औद्योगिक साझेदारी के नए अवसर पैदा कर सकती है।
इसके साथ ही भारतीय उपमहाद्वीप में श्रीलंका की बड़ी छलांग दिखाई दी है। भारत के पड़ोसी देशों के साथ व्यापारिक संबंधों में यह मजबूती का पर्याय है। दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार क्षेत्र (साफ्टा) के साझेदारों को भारत का निर्यात 22 प्रतिशत बढ़कर 15.29 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 12.55 अरब डॉलर था। जिसमें कि श्रीलंका सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल रहा।
यहां भारतीय निर्यात 2.28 अरब डॉलर से 73 प्रतिशत बढ़कर 3.94 अरब डॉलर हो गया। नेपाल को निर्यात 19 प्रतिशत बढ़कर 4.37 अरब डॉलर और भूटान को 16 प्रतिशत बढ़कर 711.4 मिलियन डॉलर तक पहुंचा। मालदीव के बाजार में भी 52 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और निर्यात 337.4 मिलियन डॉलर हो गया। बांग्लादेश 5.66 अरब डॉलर के निर्यात के साथ साफ्टा क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना रहा।
जापान और दक्षिण कोरिया में भारतीय उत्पादों की बढ़ती पहुंच
पूर्वी एशिया के विकसित औद्योगिक बाजारों में भी भारत के निर्यात को गति मिली है। जापान को निर्यात 40 प्रतिशत बढ़कर 4.10 अरब डॉलर हो गया, जबकि दक्षिण कोरिया को निर्यात में 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 3.91 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इन दोनों बाजारों में भारतीय उत्पादों की बढ़ती पहुंच भारत के औद्योगिक और व्यापारिक संबंधों के विस्तार का संकेत है।
जापान और दक्षिण कोरिया जैसे बाजारों में निर्यात वृद्धि का महत्व इसलिए भी है कि ये देश वैश्विक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, मशीनरी और उन्नत विनिर्माण के बड़े केंद्र हैं। इन बाजारों में भारतीय कंपनियों के लिए व्यापारिक अवसरों का विस्तार देश की उत्पादन क्षमता और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने में सहायक हो सकता है।
यूरोप में स्पेन और इटली ने दिखाई तेज रफ्तार
यूरोपीय संघ भारत के बड़े निर्यात बाजारों में अपनी महत्वपूर्ण स्थिति बनाए हुए है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में यूरोपीय संघ को भारत का निर्यात 36.97 अरब डॉलर से पांच प्रतिशत बढ़कर 38.79 अरब डॉलर हो गया। इस वृद्धि में स्पेन और इटली जैसे बाजारों का योगदान उल्लेखनीय रहा।
स्पेन को भारत का निर्यात 45 प्रतिशत बढ़कर 4.68 अरब डॉलर हो गया। इटली में 25 प्रतिशत की वृद्धि के साथ निर्यात 4.55 अरब डॉलर तक पहुंच गया। जर्मनी को निर्यात 12 प्रतिशत बढ़कर 6.34 अरब डॉलर और फ्रांस को नौ प्रतिशत बढ़कर 3.73 अरब डॉलर हो गया। इसके अलावा क्रोएशिया, बुल्गारिया, साइप्रस, एस्टोनिया और चेक गणराज्य जैसे अपेक्षाकृत छोटे यूरोपीय बाजारों में भी भारतीय निर्यात ने मजबूत वृद्धि दर्ज की।
यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के देशों में भी भारत का निर्यात लगभग पांच प्रतिशत बढ़कर 1.03 अरब डॉलर हो गया। स्विट्जरलैंड को निर्यात 11 प्रतिशत बढ़कर 758.4 मिलियन डॉलर और नॉर्वे को 14 प्रतिशत बढ़कर 264 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया। लिकटेंस्टीन में भी 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
ओमान, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन में भी बढ़ा कारोबार
एशिया और यूरोप के अतिरिक्त दूसरे प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ भी भारत के निर्यात संबंध मजबूत हुए हैं। ओमान को निर्यात 47 प्रतिशत बढ़कर 3.29 अरब डॉलर हो गया। ऑस्ट्रेलिया को 11 प्रतिशत वृद्धि के साथ निर्यात 4.10 अरब डॉलर पहुंचा, जबकि यूनाइटेड किंगडम को निर्यात सात प्रतिशत बढ़कर 7.32 अरब डॉलर हो गया। मॉरीशस में भी 45 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
व्यापारिक विविधीकरण से मजबूत होती अर्थव्यवस्था
भारत के निर्यात में विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में दर्ज यह वृद्धि व्यापक व्यापारिक विविधीकरण की ओर संकेत करती है। वैश्विक व्यापार में किसी एक बाजार पर अत्यधिक निर्भरता के बजाय अनेक देशों और क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति मजबूत करना आर्थिक स्थिरता के लिहाज से महत्वपूर्ण है। आसियान, दक्षिण एशिया, यूरोप, पूर्वी एशिया और पश्चिम एशिया के बाजारों में एक साथ बढ़ता निर्यात भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है।
अत: इस तरह से पहली छमाही के आंकड़े बताते हैं कि भारतीय निर्यात का दायरा लगातार विस्तृत हो रहा है और देश के व्यापारिक संबंध नए भौगोलिक क्षेत्रों में मजबूती हासिल कर रहे हैं। यह विस्तार भारत को वैश्विक व्यापार में एक महत्वपूर्ण उत्पादन और आपूर्ति केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है। निश्चित ही एक देश के रूप में भारत की यह तरक्की हम सभी को अपने वर्तमान के साथ श्रेष्ठ भविष्य के लिए आशान्वित करती है।
(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)
—————
(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)
