Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

काशी की देव दीपावली ने पायी वैश्विक पहचान, 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे गंगा के घाट

वाराणसी, 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में अब देव दीपावली स्थानीय परंपरा से परे जाकर वैश्विक पहचान पा चुकी है। हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन पंचगंगा घाट तथा अन्य गंगा घाटों पर लाखों दीप जलते हैं, जो मानो देवलोक के प्रकाश की तरह भव्य छटा बिखेरते हैं। इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पूर्व में हिस्सा लिया है।

पंचगंगा घाट से शुरू हुई यह परंपरा दक्षिण भारतीय ब्राह्मणों के प्रेरणा से विस्तारित हुई। काशी के पुराणों के अनुसार, पंचगंगा घाट पर सबसे पहले दीप जलाए जाने लगे, और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह आयोजन धीरे‑धीरे बढ़ता गया। 1984 में पं. नारायण गुरु ने इस परंपरा को व्यवस्थित रूप देने की पहल की। 1985 में केंद्रीय देव दीपावली समिति के गठन के साथ इस कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप मिला, जिसमें सत्येन्द्र मिश्र और किशोरी रमण दुबे जैसे प्रमुख व्यक्तित्वों ने योगदान दिया।

काशी के प्रसिद्ध स्तंभ “हजारा दीपस्तंभ” को रानी अहिल्याबाई होलकर ने पंचगंगा घाट पर स्थापित कराया। यह स्तंभ 1001 से अधिक दीप एक साथ जलाने की क्षमता रखता है, और इसकी स्वर्णिम आभा गंगा के तट पर अद्भुत प्रकाश बिखेरती है। 1986 में पूर्व काशी नरेश के डॉ. विभूति नारायण सिंह ने इस स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली को एक भव्य आयोजन का रूप दिया।

पूरे शहर को उत्सव में शामिल करने के लिए पं. वागीश दत्त मिश्र द्वारा संचालित केंद्रीय देव दीपावली महासमिति ने काशी के कुंडों, तालाबों और मंदिरों पर भी दीपोत्सव आयोजित करने की पहल की, ताकि गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को कम किया जा सके।

इस वर्ष 19 नवंबर को लगभग 11 लाख दीप गंगा के घाटों पर जलेंगे, साथ ही 2100 स्वदेशी ड्रोन के शो का आयोजन किया जाएगा। ड्रोन में भगवान भोलेनाथ, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ की भव्य आकृतियाँ दिखाई जाएंगी। इसके अलावा गंगा आरती, लेजर शो, आतिशबाजी और गंगा महोत्सव सहित अनेक कार्यक्रम भी इस भव्य उत्सव का हिस्सा होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *