
नई दिल्ली, 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। घरेलू शेयर बाजार आज सुबह बड़े उतार-चढ़ाव के बाद तेज़ी से सुधार का संकेत देता दिख रहा है। सुबह की प्रारंभिक घंटों में, सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों सूचकांकों ने बिकवाली के दबाव में गिरावट दर्ज की, परंतु निचले स्तर पर ऑटोमोबाइल, बैंकिंग और कैपिटल गुड्स के शेयरों में जोरदार खरीदारी से दोनों प्रमुख सूचकांकों ने जल्द ही अपनी कमजोरी दूर करके हरे निशान में लौट आए। सुबह 10:30 बजे तक के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.16 % बढ़कर 82,163.95 अंक पर व्यापार कर रहा था, जबकि निफ्टी 50 0.13 % मजबूत होकर 25,259.70 अंक पर कारोबार कर रहा था।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स पिछले बंद 82,031.81 अंक से 42.35 अंक यानी 0.05 % की मामूली बढ़त के साथ 82,074.16 अंक पर खुला था। शुरुआती मिनटों में बिकवाली बढ़ने से यह 81,698.63 अंक के निचले स्तर तक गिर गया। परंतु बाद में खरीदारों के हावी होने से यह सूचकांक तेज़ी से उभरा।
इसी प्रकार, राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 सूचकांक ने भी सुबह के उतार-चढ़ाव के बाद मजबूत सुधार दिखाया। यह 25,227.95 अंक के पिछले बंद से 41.15 अंक यानी 0.16 % की कमजोरी के साथ 25,186.80 अंक पर खुला और 25,104.80 अंक तक फिसल गया। परंतु 15 मिनट के भीतर ही निचले स्तर पर खरीदारी शुरू होने से यह सूचकांक फिर से हरे निशान में लौट आया।
सेक्टोरल मोर्चे पर ऑटोमोबाइल और बैंकिंग के शेयरों में सबसे बड़ा चमक दिखा रही है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2.50 % से अधिक की तेजी के साथ व्यापार कर रहा है, जबकि कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी और बैंकिंग इंडेक्स भी हरे निशान में मजबूती के साथ बने हुए हैं। दूसरी ओर, सूचना प्रौद्योगिकी और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों पर भारी दबाव बना हुआ है; निफ्टी आईटी इंडेक्स 2 % से अधिक की गिरावट के साथ व्यापार कर रहा है।
बाजार के एडवांस-डिक्लाइन आँकड़ों में, 1,902 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में हैं, जबकि 1,417 शेयरों में गिरावट दर्ज है और 210 शेयर स्थिर बने हुए हैं।
दिग्गज शेयरों के प्रदर्शन में, मारुति सुजुकी इंडिया 5.42 % की बढ़त के साथ 13,317 रुपये पर सबसे आगे है, इसके बाद टीएमपीवी 3.80 % उछल कर 262.15 रुपये, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.22 % तेज़ी के साथ 3,467.30 रुपये, आयशर मोटर्स 2.75 % की मजबूती के साथ 7,912 रुपये और इंटरग्लोब एविएशन 1.89 % की बढ़त के साथ 5,603 रुपये पर हरे निशान में हैं।
दूसरी ओर, टॉप 5 लूजर्स में इंफोसिस 2.76 % की गिरावट के साथ 1,078.20 रुपये पर सबसे आगे है, इसके बाद टेक महिंद्रा 2.57 % गिरकर 1,705.10 रुपये, एचसीएल टेक्नोलॉजीज 2.31 % गिरकर 1,313.70 रुपये, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 1.63 % गिरकर 2,340.70 रुपये और इटरनल 1.15 % गिरकर 361.80 रुपये पर लाल निशान में हैं।
