
सोनभद्र, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र में स्थित साइबर क्राइम पुलिस थाना और स्वाट टीम ने विदेश में कंपनियां स्थापित कर नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक खाते खोलवाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को उजागर करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह लोग जाब फ्राड, निवेश फ्राड, गेमिंग निवेश फ्राड व ऑनलाइन शॉपिंग फ्राड के नाम पर साइबर धोखाधड़ी करते हैं। जनपद में लगभग 37 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन और पूरे देश में 100 करोड़ से अधिक की लेन‑देने का यह मामला है, जिसके अंतर्गत देशभर में लगभग 200 शिकायतें दर्ज हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार को बताया कि साइबर क्राइम पुलिस थाना द्वारा विदेश में कंपनियाँ स्थापित कर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों के बैंक खाते खोलवाकर उनका उपयोग साइबर ठगी की धनराशि के लेन‑देन में किया गया। अभियुक्त सौरभ सिंह, पुत्र प्रमोद सिंह, निवासी नेवढ़िया, थाना करछना, जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में अपने साथी अनुपम सिंह, निवासी गोरडिहा, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र की पत्नी प्रतीक्षा सिंह के नाम से तीन कंपनियाँ— लैब मेड मेडीसन लाजिस्टिक्स, ए एस एल लाजिस्टिक्स कम्पनी व कुमार सिंह एलएलसी— बनाई गई थीं। इन कंपनियों के माध्यम से भारत में लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया जाता था। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों के बैंक खाते खोलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक एवं सिम कार्ड प्राप्त कर लिए जाते थे, जिनका उपयोग साइबर अपराध में प्राप्त धनराशि के लेन‑देन और हस्तांतरण में किया जाता था।
अभियुक्त ने बताया कि साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खाते विभिन्न व्यक्तियों से धनराशि देकर प्राप्त किए जाते थे। इसके लिए सेविंग खातों के बदले लगभग 10 हज़ार से 20 हज़ार रुपये तथा कॉर्पोरेट खातों के बदले लगभग 50 हज़ार से 1 लाख रुपये तक भुगतान किया जाता था। प्राप्त खातों को आगे साइबर अपराध में संलिप्त व्यक्तियों को लगभग दो लाख रुपये तक में उपलब्ध कराया जाता था। इन खातों में निवेश, ऑनलाइन गेमिंग, ऑनलाइन शॉपिंग एवं अन्य साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से देशभर के पीड़ितों से प्राप्त धनराशि हस्तांतरित कराई जाती थी। इसके पश्चात उक्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से आगे हस्तांतरित कर नकद निकासी एवं क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित करके साइबर अपराधियों तक पहुँचाया जाता था। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
