Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित वैशाली दौरे पर मुख्यमंत्री सम्राट ने तैयारियों का निरीक्षण

पेटना, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वैशाली जिले के कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) का निरीक्षण किया और 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राघोपुर के रुस्तमपुर में नवनिर्मित हेलीपैड का निरीक्षण किया। पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच बनाए जा रहे प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आएंगे और कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल को जनता को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। राघोपुर सहित पूरे बिहार की जनता उनके स्वागत के लिए उत्साहित है।

मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि यह इलाका लंबे समय तक विकास से अछूता रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण काम किया। कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल की डीपीआर वर्ष 2012 में तैयार की गई थी और वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। वर्ष 2026 में पुल का निर्माण पूरा हुआ है। सरकार उनके विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजापाकर स्थित बनारसी चौक और जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र (जाफरपट्टी) पहुंचे, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के अध्यक्षता में कार्यक्रम स्थल के समीप प्रधानमंत्री के वैशाली आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी हुई।

बैठक में वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से 21 नवंबर के कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, कार्यक्रम स्थल के मानचित्र, हेलीपैड, विभिन्न प्रकार के वाहनों की पार्किंग, प्रवेश द्वार, यातायात प्रबंधन और आम लोगों के सुगम आवागमन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को लेकर अपने सुझाव दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभा स्थल तक लोगों का आवागमन सुगम व व्यवस्थित रखने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा वाहनों का परिचालन भी सुचारू रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक मंगल पांडेय, विधायक सिद्धार्थ पटेल, विधायक संजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक अनिल कुमार सहित अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *