
जयपुर, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। लोकमंथन का पाँचवाँ संस्करण 4, 5 और 6 दिसंबर को जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोक कलाओं, भाषाओं और पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाना है। देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित यह महोत्सव नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और भारतीय विरासत के संरक्षण व संवर्धन का प्रयास करेगा।
प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक और लोकमंथन स्वागत समिति के महासचिव जे. नंदकुमार तथा राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं लोकमंथन आयोजन समिति की अध्यक्ष दिया कुमारी ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, अयोध्या स्थित श्रीहनुमत निवास के पीठाधीश्वर आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वक्ताओं में जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष हर्ष चौहान और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत कई प्रख्यात व्यक्तित्व शामिल होंगे। कार्यक्रम में देश भर से दो हज़ार से अधिक चयनित प्रतिभागी और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
जे. नंदकुमार ने कहा कि लोकमंथन सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि लोकजीवन, लोकचेतना और भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय विमर्श में स्थान दिलाने का व्यापक प्रयास है। उनका मानना है कि लोक का अर्थ केवल ग्रामीण या जनजातीय समाज नहीं, बल्कि भारत की मूलभूत संस्कृति है, जो देश के अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ती है।
2016 में भोपाल से शुरू हुई यह यात्रा रांची, गुवाहाटी और भाग्यनगर (हैदराबाद) होते हुए अब जयपुर पहुंची है। पिछले चार आयोजनों से लोक संस्कृति, लोक कलाकारों और पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय विमर्श में अधिक स्थान मिला है तथा हाशिये पर रही परंपराएं व्यापक समाज के सामने आई हैं।
इस बार कार्यक्रम में लोक शिक्षा, लोक स्वास्थ्य, लोक संवाद, लोक विज्ञान, लोक कला, लोक विमर्श, खेलों की भारतीय दृष्टि और भारतीय मौसम अनुमान सहित 24 समानांतर सत्र होंगे। प्रत्येक सत्र डेढ़ से दो घंटे का होगा, जिसमें लोक परंपराओं के वास्तविक प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे, जिसके बाद अकादमिक जगत के विद्वान, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता उनसे संवाद करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता भी इस बार की खास पहचान होगी। रोमा, यजीदी और लातविया जैसे क्षेत्रों और समुदायों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे विश्व की प्राचीन संस्कृतियों के साझा तत्वों पर संवाद संभव होगा। पंजीकरण सभी के लिए खुला है।
दिया कुमारी ने बताया कि ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित लोकमंथन का उद्देश्य नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और भारतीय विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी पश्चिमी प्रभाव और औपनिवेशिक मानसिकता से प्रभावित रही है, लेकिन अब नई शिक्षा नीति और राज्य सरकार के प्रयासों से भारतीय संस्कृति, इतिहास और लोक परंपराओं को उचित स्थान मिल रहा है।
लोकदर्शन यात्रा के अंतर्गत राजस्थान में तीन चरणों में लगभग 8 हजार किलोमीटर की यात्रा करके सभी 41 जिलों और सैकड़ों गांवों को जोड़ा गया। इस दौरान लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, महिला सम्मेलन, युवा संवाद और ग्राम दर्शन जैसे कार्यक्रम हुए, जिनसे ग्रामीण प्रतिभाओं और स्थानीय कलाकारों को मंच मिला।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमंथन में केवल भाषण नहीं, बल्कि संवादात्मक सत्र होंगे, जहां युवा और महिलाएं खुलकर अपने विचार रख सकेंगे। उन्होंने “लोक से लोकचेतना, लोकचेतना से
