Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

पश्चिम बंगाल में निवेश की संभावनाएँ तलाशेंगे ऑस्ट्रेलियाई उद्योग, उच्चायुक्त ने शमिक भट्टाचार्य से की मुलाकात

कोलकाता, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। पश्चिम बंगाल में निवेश और औद्योगिक विकास के अवसरों की खोज के उद्देश्य से भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने बुधवार को राज्य भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने खनन से लेकर परमाणु ऊर्जा तक के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत बातचीत की।

बैठक में खनन उद्योग को विशेष महत्व दिया गया। फिलिप ग्रीन ने बताया कि अगले महीने भारत में आयोजित होने वाले प्रमुख खनन सम्मेलन ‘आईएमई’ में ऑस्ट्रेलिया अपना अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल भेजेगा, जिसमें 50 से अधिक ऑस्ट्रेलियाई कंपनियाँ भाग लेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा पहचानी गई खनन परियोजनाओं में रूचि रखने वाली कंपनियों और राज्य के बीच सीधा संपर्क व समन्वय स्थापित करने में वे सक्रिय सहयोग करेंगे।

परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भी संभावित सहयोग पर चर्चा हुई। ग्रीन ने कहा, “भारत को यूरेनियम की आपूर्ति करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के सामने अब रास्ते खुल चुके हैं।” उन्होंने यह संकेत दिया कि यदि भविष्य में पश्चिम बंगाल में नया परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित होता है, तो दोनों देशों के बीच इस क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर उत्पन्न हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में राज्य में ऐसे किसी संयंत्र की स्थापना का कोई निर्णय या चल रही परियोजना नहीं है।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में फिलिप ग्रीन ने कहा, “पश्चिम बंगाल में विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। राज्य सरकार के सकारात्मक सहयोग से यहाँ व्यापार और वाणिज्य के नए और बड़े अवसर पैदा हो सकते हैं। मैं इन संभावनाओं से ऑस्ट्रेलियाई औद्योगिक जगत को अवगत कराना चाहता हूं।” उन्होंने कहा कि यह मुलाकात दोनों देशों के बीच आर्थिक और औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक कदम थी और आगे और अधिक संपर्क एवं समन्वय को बढ़ावा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *