
बलरामपुर, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026‑27 में पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की एक समान आदान सहायता राशि मिलेगी। यदि किसान अपनी उपज कम होने के कारण निर्धारित सीमा से कम धान बेचते हैं, तो भी उन्हें प्रति एकड़ पूरी सहायता राशि मिलती रहेगी।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बुधवार को समय‑सीमा की बैठक में धान खरीद की समीक्षा करते हुए यह बताया कि योजनानुसार एक एकड़ के रकबे वाले किसान को 13,839 रुपये, दो एकड़ वाले को 27,678 रुपये और तीन एकड़ वाले को 41,517 रुपये की सहायता मिलेगी। यदि कोई किसान एक एकड़ में 10 से 15 क्विंटल धान का उत्पादन करके उतनी ही मात्रा बेचता है, तब भी उसे प्रति एकड़ पूरी सहायता राशि दी जाएगी। कम उत्पादन या निर्धारित सीमा से कम धान बेचने पर सहायता राशि में कटौती नहीं होगी।
इस वर्ष कॉमन ग्रेड धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड‑ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय है। राज्य सरकार समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की सहायता मिलाकर किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के बराबर लाभ दे रही है। सामान्य धान के समर्थन मूल्य और इस दर के बीच 659 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर है। प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल खरीदी पर यह अंतर 13,839 रुपये होता है, जिसे सरकार ने एक समान आदान सहायता के रूप में तय किया है।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को आवेदन करना अनिवार्य होगा। धान बेचने के लिये उपार्जन केंद्र पहुँचते ही किसान आवेदन कर सकते हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को विस्तृत सूचना देने और व्यापक प्रचार‑प्रसार कराने के निर्देश दिए।
धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी के सत्यापन और पुष्टि के बिना किसी भी खसरे को पंजीयन में शामिल नहीं किया जाए। उपार्जन केंद्रों में धान की स्टैकिंग का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण, सुरक्षित भंडारण, परिवहन और किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि एग्रीस्टैक पंजीयन और रकबा सत्यापन से कोई पात्र किसान वंचित न रहे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, आर.एस. लाल, अभिषेक गुप्ता तथा सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
