
कोलकाता, 18 नवंबर (हि. स.)। ओडिशा के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में जारी यार्ड रीमॉडलिंग (पुनर्निर्माण) कार्य के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने नवंबर‑दिसंबर 2026 में विभिन्न तिथियों पर कुल 90 ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का निर्णय लिया है। इस कारण हावड़ा, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, रांची, टाटानगर, राउरकेला और संबलपुर सहित कई प्रमुख रेलमार्गों पर यात्रियों की सेवाएँ बाधित रहेंगी।
रेलवे प्रशासन की ओर से जारी की गई सूची में रद्द की गई ट्रेनों में झारसुगुड़ा‑संबलपुर मेमू, झारसुगुड़ा‑गोंदिया मेमू, राउरकेला‑झारसुगुड़ा मेमू, हटिया‑झारसुगुड़ा एक्सप्रेस, टाटानगर‑इतवारी एक्सप्रेस और राउरकेला‑पुरी एक्सप्रेस सहित कई मेमू, एक्सप्रेस और लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों का उल्लेख है। कुछ ट्रेनों का संचालन कई दिनों तक बंद रहेगा, जबकि अन्य केवल निर्धारित तिथियों पर रद्द किया जाएगा, जिससे नियमित तथा दीर्घ दूरी के यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
नवम्बर में रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में हावड़ा‑कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस, कांटाबांजी‑हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा‑जूनागढ़ रोड एक्सप्रेस, टाटानगर‑बेंगलुरु एक्सप्रेस, संबलपुर‑जम्मूतवी एक्सप्रेस, टाटानगर‑बिलासपुर एक्सप्रेस और राउरकेला‑जगदलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।
दिसंबर में प्रभावित प्रमुख ट्रेनों में सांतरागाछी‑पुणे, पुणे‑सांतरागाछी, तिरुपति‑रक्सौल, मालदा टाउन‑सूरत, हावड़ा‑जगदलपुर, कामाख्या‑लोकमान्य तिलक टर्मिनस, हटिया‑पुणे, शालीमार‑भुज, गया‑एलटीटी मुंबई, हटिया‑दुर्ग तथा भुवनेश्वर‑धनबाद एक्सप्रेस भी विभिन्न तिथियों पर नहीं चलेंगी।
इसके अतिरिक्त सूची में राउरकेला‑गुनुपुर, बिलासपुर‑बक्सर, हटिया‑एलटीटी मुंबई, हैदराबाद‑रक्सौल, पोरबंदर‑सांतरागाछी, हटिया‑बेंगलुरु, जसीडीह‑वास्को डी गामा, हटिया‑एर्नाकुलम एक्सप्रेस, ओखा‑शालीमार, पुणे‑हावड़ा, उदयपुर सिटी‑शालीमार, हावड़ा‑सीएसएमटी मुंबई, हावड़ा‑अहमदाबाद तथा नांदेड़‑सांतरागाछी एक्सप्रेस भी निर्धारित दिनों में नहीं चलेंगी।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे वैकल्पिक मार्गों एवं बुकिंग विकल्पों की जाँच करें और आवश्यकतानुसार यात्रा योजनाओं में परिवर्तन करें।
