
कोलकाता, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। ओडिशा के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने नवंबर‑दिसंबर 2026 में कुल 90 ट्रेनों का संचालन रद्द करने का निर्णय लिया है। इस निर्माण कार्य के कारण हावड़ा, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, रांची, टाटानगर, राउरकेला एवं संबलपुर सहित कई प्रमुख रेल मार्गों पर यात्री सेवाएँ बाधित रहेंगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि रद्द की गई ट्रेनों में मेमू, एक्सप्रेस और लंबी दूरी की महत्वपूर्ण सेवाएँ शामिल हैं। कुछ ट्रेनों का संचालन कई लगातार दिनों तक बंद रहेगा, जबकि अन्य केवल निर्धारित तिथियों पर रद्द होंगी। इससे नियमित यात्रियों के साथ‑साथ लम्बी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
रद्द की गई ट्रेनों में झारसुगुड़ा‑संबलपुर मेमू, झारसुगुड़ा‑गोंदिया मेमू, राउरकेला‑झारसुगुड़ा मेमू, हटिया‑झारसुगुड़ा एक्सप्रेस, टाटानगर‑इतवारी एक्सप्रेस तथा राउरकेला‑पूरी एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त हावड़ा‑पुणे दुरंतो, पुणे‑हावड़ा दुरंतो, दरभंगा‑चर्लापल्ली, जसीडीह‑ताम्बरम, विशाखापत्तनम‑बनारस, धनबाद‑पोदानूर एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों पर नहीं चलेंगे।
दिसंबर में प्रभावित प्रमुख ट्रेनों में हावड़ा‑कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस, कांटाबांजी‑हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा‑जुन्नागढ़ रोड एक्सप्रेस, टाटानगर‑बेंगलुरु एक्सप्रेस, संबलपुर‑जम्मूतवी एक्सप्रेस, टाटानगर‑बिलासपुर एक्सप्रेस, राउरकेला‑जगदलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। अन्य रद्दीकरण में सांतरागाछी‑पुणे, पुणे‑सांतरागाछी, तिरुपति‑रक्सौल, मालदा टाउन‑सूरत, हावड़ा‑जगदलपुर, कामाख्या‑लोकमान्य तिलक टर्मिनस, हटिया‑पुणे, शालीमार‑भुज, गया‑एलटीटी मुंबई, हटिया‑दुर्ग, भुवनेश्वर‑धनबाद एक्सप्रेस भी विभिन्न तिथियों पर रुकेंगे।
रेलवे की विस्तृत सूची में राउरकेला‑गुनुपुर, बिलासपुर‑बक्सर, हटिया‑एलटीटी मुंबई, हैदराबाद‑रक्सौल, पोरबंदर‑सांतरागाछी, हटिया‑बेंगलुरु, जसीडीह‑वास्को डी गामा, हटिया‑एर्नाकुलम एक्सप्रेस के साथ‑साथ ओखा‑शालीमार, पुणे‑हावड़ा, उदयपुर सिटी‑शालीमार, हावड़ा‑सीएसएमटी मुंबई, हावड़ा‑अहमदाबाद, नांदेड़‑सांतरागाछी एक्सप्रेस भी निर्धारित दिनों में नहीं चलेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने यात्रा कार्यक्रम को पुनः जाँचें और वैकल्पिक मार्गों या तिथियों पर विचार करें।
