Wednesday, November 18खबर जो असर करे |
Shadow

आंवला नवमी विशेष: पेड़ की छांव में छिपा है सर्दियों से लड़ने का आयुर्वेदिक विज्ञान

By: SPECIAL

AANWALA-NAVMI
आंवला नवमी विशेष: पेड़ की छांव में छिपा है सर्दियों से लड़ने का आयुर्वेदिक विज्ञान

-डॉ. बी. एल. बराला

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाई जाने वाली आंवला नवमी यानी अक्षय नवमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा में प्रकृति, स्वास्थ्य और जीवनशैली के गहरे संबंध का संदेश भी देती है। इस दिन श्रद्धालु आंवले के वृक्ष की पूजा करते हैं, उसकी छाया में भोजन करते हैं और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। शरद और हेमंत ऋतु के संधिकाल में आने वाला यह पर्व मानो बदलते मौसम के बीच शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रकृति के अमूल्य उपहार आंवले की याद दिलाता है।

भारतीय संस्कृति में वृक्षों को केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं माना गया बल्कि उन्हें जीवन और आरोग्य का आधार समझा गया है। आंवला नवमी इसी सोच को आगे बढ़ाती है। आंवले का वृक्ष धार्मिक आस्था के साथ-साथ औषधीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसकी छाया, फल और उपयोग से जुड़ी परंपराएं प्रकृति के संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली की ओर संकेत करती हैं।

आयुर्वेद में आंवले को आमलकी कहा गया है। इसे ‘धात्री’ अर्थात माता के समान पोषण देने वाला भी माना गया है। आयुर्वेदिक ग्रंथों में आमलकी को महत्वपूर्ण रसायन द्रव्यों में स्थान दिया गया है। शास्त्रीय आयुर्वेदिक दृष्टि से इसमें मधुर, अम्ल, कटु, तिक्त और कषाय रस बताए गए हैं, जबकि लवण रस का अभाव माना गया है। इसका विपाक मधुर और वीर्य शीत बताया गया है।

आयुर्वेद में आंवले को रसायन, पित्तशामक, नेत्रों के लिए हितकारी, पाचन में सहायक, केश्य तथा ओजवर्धक गुणों वाला माना गया है। यही कारण है कि सदियों से आंवला भारतीय आहार और औषधीय परंपरा का महत्वपूर्ण ्सा रहा है।

आंवले की एक खास विशेषता यह भी बताई जाती है कि इसमें मौजूद विटामिन-सी टैनिन जैसे घटकों के साथ जुड़ा रहता है। इसी वजह से आंवले को अन्य खट्टे फलों की तुलना में अलग विशेषताओं वाला फल माना जाता है और इसे विभिन्न रूपों में आहार में शामिल किया जाता है।

आंवले की चर्चा च्यवनप्राश के बिना अधूरी मानी जाती है। आयुर्वेद में च्यवनप्राश को प्रसिद्ध अवलेह के रूप में वर्णित किया गया है। इसकी परंपरा महर्षि च्यवन से जुड़ी मानी जाती है और इसी कारण इसका नाम च्यवनप्राश पड़ा।

आंवला नवमी के आसपास ताजे आंवले की उपलब्धता बढ़ने के साथ पारंपरिक रूप से च्यवनप्राश तैयार करने का मौसम भी शुरू होता है। इसमें आंवले के साथ विभिन्न औषधीय द्रव्यों और जड़ी-बूटियों का प्रयोग किया जाता है। पिप्पली, अश्वगंधा, गिलोय, शतावरी, मुलेठी, दालचीनी, इलायची और नागकेसर सहित अनेक द्रव्यों को घृत, तैल, मधु और शर्करा के साथ निर्धारित विधि से तैयार किया जाता है।

आयुर्वेद में च्यवनप्राश को बल और ओज के संवर्धन, श्वसन तंत्र के स्वास्थ्य तथा सामान्य स्वास्थ्य संरक्षण के लिए उपयोगी माना गया है। हालांकि इसके सेवन को व्यक्ति की प्रकृति, आयु, मात्रा और स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप रखना आवश्यक है। आधुनिक पोषण विज्ञान में भी आंवले को पोषक तत्वों से भरपूर फल माना जाता है। इसमें विटामिन-सी के साथ पॉलीफेनॉल, फ्लेवोनॉयड और टैनिन जैसे जैव सक्रिय घटक पाए जाते हैं। ये शरीर में एंटीऑक्सीडेंट की भूमिका निभाते हैं।

आंवले के पाचन, चयापचय, हृदय स्वास्थ्य तथा त्वचा और बालों से जुड़े संभावित लाभों को लेकर भी वैज्ञानिक अध्ययन किए जा रहे हैं।

हालांकि विशेषज्ञ यह भी स्पष्ट करते हैं कि किसी भी औषधीय फल या च्यवनप्राश को किसी बीमारी के निश्चित उपचार अथवा चिकित्सकीय दवा के विकल्प के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसके लाभ व्यक्ति की प्रकृति, आयु, स्वास्थ्य स्थिति, मात्रा और सेवन की विधि पर निर्भर कर सकते हैं।

आंवला नवमी का संदेश केवल पूजा और परंपरा तक सीमित नहीं है। यह पर्व प्रकृति संरक्षण, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली की ओर भी प्रेरित करता है।

पहला संदेश है कि औषधीय वृक्षों का संरक्षण और संवर्धन किया जाए। दूसरा संदेश स्थानीय और मौसमी फलों को उचित मात्रा में आहार का ्सा बनाने का है। तीसरा संदेश आयुर्वेद की उस जीवनशैली को अपनाने का है, जिसमें केवल बीमारी होने के बाद उपचार नहीं, बल्कि आहार, विहार, ऋतुचर्या, दिनचर्या और स्वास्थ्य संरक्षण को भी महत्व दिया जाता है।

आज पूरी दुनिया प्राकृतिक जीवनशैली और स्वास्थ्य संवर्धन की ओर फिर से आकर्षित हो रही है। ऐसे समय में आंवला नवमी की परंपरा और उसका संदेश और अधिक प्रासंगिक हो जाता है। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि प्रकृति और स्वास्थ्य एक-दूसरे से अलग नहीं हैं।

इसलिए इस आंवला नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा के साथ यदि एक औषधीय पौधा लगाया जाए, उसका संरक्षण किया जाए और मौसमी आहार तथा संतुलित जीवनशैली को अपनाया जाए, तो पर्व का वास्तविक उद्देश्य भी सार्थक होगा। आंवला भारतीय परंपरा में प्रकृति की उस शक्ति का प्रतीक है, जो स्वाद, पोषण और स्वास्थ्य- तीनों को एक साथ जोड़ती है।

(लेखक, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी हैंं।)

—————


(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *