
वाराणसी, 17 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की एक छात्रा के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगने पर ऑटो चालक मैनुद्दीन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सोमवार देर रात रविंद्रपुरी स्थित अस्सी नाले के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार हेतु बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मैनुद्दीन के रूप में हुई।
मामले की जानकारी के अनुसार, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की एक छात्रा सोमवार शाम लगभग 7:30 बजे बीएचयू के विधि संकाय के पास से गुजर रही थी। उसी समय एक ऑटो चालक ने वाहन की रफ्तार धीमी कर छात्रा के साथ छेड़खानी की, जिसके बाद वह स्थान से भाग गया। छात्रा ने शोर मचा कर उसका विरोध किया और पुलिस से शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के बाद पुलिस ने मैनुद्दीन को पकड़ लिया। ACP भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसके खिलाफ छेड़खानी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। देर शाम पुलिस टीम उसे मेडिकल परीक्षण के लिए ले जा रही थी, तभी वह रविंद्रपुरी स्थित अस्सी नाले के पास एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन कर वाहन से उतर गया और भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया, तब उसने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे और घायल आरोपी को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
